जबलपुर में चोरों के हौसले बुलंद जेवर की दुकान पर की सेंध मारी
Thieves in Jabalpur break into a jewellery shop

जबलपुर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। अब बदमाशों ने ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए सेंधमारी की वारदात को अंजाम दिया है। पनागर थाना क्षेत्र के बड़ौदा चौराहे पर स्थित जगदीश सोनी की ज्वेलरी दुकान में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर लाखों रुपये के जेवरात पार कर दिए। चोरों ने वारदात को इतनी शातिराना तरीके से अंजाम दिया कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी पुलिस के हाथ न लगे, इसके लिए बदमाश दुकान का डीवीआर तक उखाड़कर अपने साथ ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 3 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक दुकानदार ने रोजाना की तरह रात करीब 8:15 बजे अपनी दुकान बंद की थी। इसके बाद अज्ञात चोरों ने दुकान को निशाना बनाया। अगले दिन सुबह करीब 10:30 बजे जब दुकान संचालक को चोरी की जानकारी लगी तो हड़कंप मच गया। तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पनागर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में सामने आया कि चोरों ने दुकान की साइड में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे कीमती आभूषण समेटकर फरार हो गए। चोरी गए सामान में चांदी के पुराने जेवरात भी शामिल हैं, जो ग्राहक बदलने के लिए दुकान पर लेकर आए थे। इसके अलावा कुछ सामान गिरवी रखा हुआ था। करीब डेढ़ तोला पुराना सोना भी चोरी होने की जानकारी सामने आई है। कुल मिलाकर चोरी की कीमत लगभग 3.60 लाख रुपये आंकी गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वाड, एफएसएल टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया। राजपत्रित अधिकारी सीएसपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की। दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगे थे, लेकिन चोर डीवीआर ही निकालकर ले गए। ऐसे में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जांच में जुटी है एडिशनल एसपी मनीष भारद्वाज का कहना है कि साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही चोरी की वारदात का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
बाइट – मनीष भरद्वाज, एडिशनल एसपी जबलपुर
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



