Azamgarh accident:नीलगाय को बचाने में पेड़ से टकराई कार, एक की मौत, दो गंभीर घायल
दीपावली पर प्रतिमा स्थल से घर लौट रहे थे तीनों युवक, हादसे में कार के उड़े परखच्चे
गंभीरपुर (आजमगढ़)। गंभीरपुर-मार्टीनगंज मार्ग पर ब्लॉक मुहम्मदपुर के गोठांव गांव में रविवार की रात करीब 9:30 बजे नीलगाय को बचाने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार जौनपुर जनपद के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।जानकारी के अनुसार ब्लॉक मुहम्मदपुर के गोठांव गांव निवासी बालचंद्र यादव (40) पुत्र सागर यादव, चंदन बिंद (26) पुत्र अनिल और विजय मौर्य (32) पुत्र प्रीतम दीपावली के अवसर पर स्थापित प्रतिमा स्थल पर आवश्यक कार्य से घर से करीब दो किलोमीटर दूर गए थे। रविवार की रात तीनों कार से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जैसे ही उनकी कार गोठांव गांव के पास पहुंची, सामने अचानक नीलगाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।हादसे में बालचंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंदन बिंद और विजय मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भेजवाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच में जुट गई।बालचंद्र यादव की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी नीलम देवी, चार पुत्रियों और एक पुत्र सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक गाड़ी चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस संदर्भ में बरदह पुलिस का कहना है कि शव को पीएम के लिये भेज दिया गया है तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



