तेज आवाज में डीजे बजाने वालों पर थाना प्रभारी सरायमीर भुवनेश कुमार चौबे का शिकंजा, दो डीजे वाहन साउंड सिस्टम सहित सीज

ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ सरायमीर पुलिस की सख्त कार्रवाई, नियमों की अनदेखी करने वालों को दिया स्पष्ट संदेश

आजमगढ़ 10 नवंबर:धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों में ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना सरायमीर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। थाना प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस ने निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन कर तेज आवाज में डीजे बजाने वाले दो डीजे वाहनों को साउंड सिस्टम एवं स्पीकर सहित सीज कर दिया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे ने ध्वनि प्रदूषण के मामले में नियमों का कड़ाई से पालन कराने की दिशा में प्रभावी पहल की है। उनकी निगरानी में पुलिस द्वारा पूर्व में डीजे संचालकों की बैठक कर उन्हें माननीय उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों एवं ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमावली, 2000 के प्रावधानों से अवगत कराया गया था। साथ ही निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करने की हिदायत देते हुए उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी।इसी क्रम में 9 नवंबर 2026 को लक्ष्मी-गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान सिकरौर सहबरी बाजार में निर्धारित मानकों से अधिक आवाज में डीजे बजाए जाने की सूचना पर शांति व्यवस्था ड्यूटी में तैनात उपनिरीक्षक धीरज कुमार एवं पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर डीजे संचालकों को आवाज कम करने का निर्देश दिया। लेकिन निर्देशों की अनदेखी किए जाने पर पुलिस ने तत्काल वैधानिक एवं निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए दोनों डीजे वाहनों को साउंड सिस्टम और स्पीकर सहित कब्जे में लेकर सीज कर दिया।

सीज किए गए डीजे वाहनों का विवरण

1. गुलशन राजभर पुत्र हरिकेश राजभर निवासी कुरियावां, थाना सरायमीर का वाहन संख्या UP50 P 9857।
2. राम आशीष गुप्ता पुत्र जयशंकर गुप्ता निवासी खरसहन कलां, थाना दीदारगंज का वाहन संख्या UP17 T 2335।

थाना प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे की इस कार्रवाई को ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और आमजन को राहत पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस की इस सख्ती से स्पष्ट संदेश गया है कि धार्मिक आयोजनों की आड़ में भी निर्धारित नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।थाना प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे ने आमजन एवं डीजे संचालकों से अपील की है कि धार्मिक और सार्वजनिक आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराएं तथा निर्धारित ध्वनि मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। कानून व्यवस्था और आम नागरिकों की सुविधा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।सरायमीर पुलिस की इस कार्रवाई से यह संदेश साफ है कि कानून का पालन सभी के लिए अनिवार्य है और शांति व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button