आजमगढ़:छठ पर्व नजदीक, रानी पोखरा घाट पर सफाई व्यवस्था नदारद
Azamgarh: Chhath festival nears, cleanliness system missing at Rani Pokhara Ghat
रानी की सराय/आजमगढ़। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर श्रद्धालुओं की तैयारियां शुरू हो गई हैं, लेकिन रानी की सराय स्थित रानी पोखरा घाट पर अब तक साफ-सफाई नहीं कराई गई है। पोखरा में मूर्ति विसर्जन के बाद बचे अवशेष सीढ़ियों पर बिखरे पड़े हैं। ऐसे में श्रद्धालु गंदगी के बीच ही सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बेदी बनाने को मजबूर हैं। श्रद्धालु करीब एक सप्ताह पहले से ही घाटों पर पहुंचकर अपनी जगह सुरक्षित करने के साथ बेदी बनाने में जुटे हैं। रविवार को छठ पर्व होने के बावजूद सफाई व्यवस्था नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
रास्ते में बह रहा नाली का गंदा पानी, श्रद्धालुओं की बढ़ेगी परेशानी
रानी पोखरा घाट तक पहुंचने वाले रास्ते की स्थिति भी ठीक नहीं है। क्षेत्र की पानी टंकी से पोखरा की ओर जाने वाली गली में नाली का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इसी रास्ते से होकर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचना है। दूसरे रास्ते से जाने पर लोगों को करीब एक किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलनिकासी की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर कई बार शिकायत की गई, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ब्लॉक मुख्यालय पर ही व्यवस्था बदहाल, लोगों ने उठाई सफाई की मांग
रानी की सराय ब्लॉक मुख्यालय होने के बावजूद कस्बे में साफ-सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था बदहाल है। पर्व के मद्देनजर घाटों की सफाई नहीं होना जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। कस्बा निवासी सोनू, महेश, निखिल सहित अन्य लोगों ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल घाट की सफाई कराने, मूर्ति विसर्जन के अवशेष हटवाने और रास्ते में बह रहे गंदे पानी की समस्या दूर कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि रविवार को होने वाले छठ पर्व से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान परेशानी न हो।



