चुनौटी और खैनी ले जाना पड़ा महंगा, बहरीन में 20 दिन तक हिरासत में रहा सौरभ राय
Saurabh Rai was detained for 20 days in Bahrain for carrying chunauti and khaini.
आजमगढ़। बहरीन एयरपोर्ट पर चुनौटी, खैनी, तंबाकू और चूना मिलने के बाद कस्टम विभाग की हिरासत में लिए गए अहरौला थाना क्षेत्र के भवरूपुर निवासी सौरभ राय करीब 20 दिन बाद शनिवार को अपने घर लौट आए। उनकी रिहाई के लिए परिवार को वकील की फीस और जुर्माने के रूप में कुल 7200 बहरीन दिनार (करीब 18 लाख रुपये) खर्च करने पड़े। घर पहुंचने के बाद सौरभ ने हिरासत के दौरान हुई पूछताछ और कथित प्रताड़ना की आपबीती परिजनों को सुनाई।29 अक्टूबर को बहरीन एयरपोर्ट पर उतरने के बाद कस्टम विभाग ने सौरभ के सामान की जांच की। इस दौरान चुनौटी, खैनी, तंबाकू और चूना मिलने पर उन्हें हिरासत में ले लिया गया। अधिकारियों ने उनका मोबाइल और बैग भी जब्त कर लिया। इसके बाद उन्हें बहरीन पुलिस और सीआईडी के हवाले कर दिया गया, जहां उनसे लगातार पूछताछ की गई।सौरभ के मुताबिक, अधिकारियों ने बार-बार बरामद सामान को लेकर सवाल किए और पूछा कि इसे तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था या किसी अन्य काम के लिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पूछताछ के दौरान उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उनका कहना है कि एक कमरे में एसी का तापमान 16 डिग्री कर दिया जाता था और उन्हें केवल एक हल्की चादर देकर रखा जाता था।



