Azamgarh News:पत्रकारिता के रिश्तों को मिला सम्मान और अपनत्व का मंच, दुर्गेश द्विवेदी ने पत्रकारों को एक छत के नीचे जुटाकर पेश की अनूठी मिसाल

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर पत्रकारों का किया सम्मान, आपसी एकता, सहयोग और संवाद को मजबूत बनाने पर दिया जोर

आजमगढ़, पत्रकारिता के क्षेत्र में अक्सर खबरों की आपाधापी और अपनी-अपनी जिम्मेदारियों में व्यस्त रहने वाले पत्रकारों को उस समय एक-दूसरे से रूबरू होने और अपने सुख-दुख साझा करने का सुनहरा अवसर मिला, जब महराजगंज विकासखंड के रघ्घूपुर टिकर पैठान गांव निवासी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रखर पत्रकार दुर्गेश द्विवेदी ने शुक्रवार को अपने आवास पर बिलरियागंज और महराजगंज क्षेत्र के इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया से जुड़े पत्रकारों की एक विशेष बैठक आयोजित की।

यह आयोजन महज एक औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि पत्रकारिता के रिश्तों में आत्मीयता, सम्मान और भाईचारे की नई ऊर्जा भरने वाला यादगार अवसर बन गया। दुर्गेश द्विवेदी ने अपने आवास पर पहुंचे सभी पत्रकारों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर आत्मीय सम्मान किया। साथ ही उनके लिए भव्य भोजन की भी व्यवस्था की गई थी।

इस आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि क्षेत्र में पहली बार किसी पत्रकार ने अपने सभी पत्रकार साथियों को एक साथ अपने दरवाजे पर आमंत्रित कर उनका सम्मान किया। इस पहल ने पत्रकारिता जगत में एक सकारात्मक संदेश दिया। बैठक में ऐसे भी कई पत्रकार मौजूद रहे, जो लंबे समय से एक ही क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे थे, लेकिन एक-दूसरे से व्यक्तिगत रूप से परिचित नहीं थे। इस आयोजन के माध्यम से उन्हें एक-दूसरे से मिलने, परिचय बढ़ाने और विचार साझा करने का अवसर मिला। सभी पत्रकारों के चेहरों पर खुशी और आपसी अपनत्व का भाव साफ नजर आया।

इस दौरान दुर्गेश द्विवेदी ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और डिजिटल मीडिया की संभावनाओं पर अपने विचार रखते हुए कहा कि पत्रकारों को सरकार की ओर से कोई विशेष आर्थिक सहयोग नहीं मिलता। ऐसे में पत्रकारों को अपनी मेहनत, ईमानदारी और निष्पक्ष पत्रकारिता के दम पर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बेहतर कार्य करना चाहिए। पॉडकास्ट और वीडियो रिपोर्टिंग के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण खबरें लोगों तक पहुंचाकर अपनी अलग पहचान बनाई जा सकती है। जब पत्रकारों की खबरों और मेहनत को अधिक से अधिक दर्शक मिलेंगे तो व्यूज बढ़ेंगे और उससे आमदनी के अवसर भी स्वतः विकसित होंगे।

उल्लेखनीय है कि दुर्गेश द्विवेदी इन दिनों पॉडकास्ट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की रिपोर्टिंग के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में भी उन्होंने अपनी पत्रकारिता और जनसरोकारों से अच्छी ख्याति अर्जित की है।

बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने दुर्गेश द्विवेदी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल खबरें संकलित करने और प्रसारित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनना और आपसी सम्मान बनाए रखना भी इसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। पत्रकारों ने यह भी सुझाव दिया कि इस तरह की बैठकें और परिचर्चाएं समय-समय पर आयोजित होती रहनी चाहिए, जिससे पत्रकारों के बीच संवाद, सहयोग और संगठन की भावना मजबूत हो सके।

निश्चित रूप से दुर्गेश द्विवेदी की यह पहल पत्रकारिता जगत में एक प्रेरणादायक उदाहरण है। जहां आज प्रतिस्पर्धा के दौर में हर कोई अपनी पहचान बनाने में जुटा है, वहीं उन्होंने अपने पत्रकार साथियों को सम्मान देकर यह संदेश दिया कि पत्रकार की असली ताकत केवल उसकी कलम और कैमरा नहीं, बल्कि उसके साथ खड़ा उसका पत्रकार परिवार भी है। ऐसे आयोजन न केवल आपसी दूरियां मिटाते हैं, बल्कि पत्रकारिता को अधिक मजबूत, जिम्मेदार और मानवीय बनाने का काम भी करते हैं।

इस मौके पर कमलाकान्त शुक्ला, राज नारायण मिश्रा, बजरंगी विश्वकर्मा,बबलू राय, शत्रुघन यादव, हरिवंश चतुर्वेदी, रोशन लाल, सर्वेश पांडे, सदाबृज राजभर, प्रवीण यादव ,विजय कुमार, तारकेश्वर मिश्रा, आशुतोष मिश्रा आदि लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button