आजमगढ़ में तेज रफ्तार कार की टक्कर से मां-बेटे की दर्दनाक मौत,शादी में शामिल होने जा रहे थे दोनों
A mother and son died tragically after being hit by a speeding car in Azamgarh, where they were on their way to attend a wedding.
आजमगढ़ 26 नवंबर:फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों सरायमीर में अपनी मौसी के घर शादी के निमंत्रण में शामिल होने जा रहे थे। पलिया कुंवर नदी के पास पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।मृतकों की पहचान सैदपुर गांव निवासी प्रमिला (45) और उनके बेटे नीरज (19) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, प्रमिला अपने बेटे नीरज के साथ बाइक से सरायमीर जा रही थीं। इसी दौरान पलिया कुंवर नदी के पास पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है।मां-बेटे की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्रमिला के परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। बड़े बेटे प्रिंस (22) और बेटी रागिनी (26) का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पति सुशील भी इस हादसे से गहरे सदमे में हैं। घटना की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।इस संबंध में कोतवाली प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल वाहन को थाने लाया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।शादी की खुशियों में शामिल होने निकले मां-बेटे की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



