आजमगढ़ पुलिस का डबल धमाका!15 पुलिसकर्मी सम्मानित,दो महिला खिलाड़ियों का राष्ट्रीय चयन,आरोपी गिरफ्तार

Azamgarh Police's double whammy! 15 police officers honored, two women players selected for national level, accused arrested

स्थानांतरित अधिकारियों को दी भावभीनी विदाई, संविधान दिवस पर पुलिसकर्मियों ने ली शपथ, जनसुनवाई में सुनीं फरियादें; दुष्कर्म एवं गर्भपात के मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

आजमगढ़। जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराध नियंत्रण और पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस विभाग की ओर से कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले कुल 15 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं जनपद से स्थानांतरित अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव एवं क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी को भावभीनी विदाई दी गई। इसके साथ ही पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही दो महिला खिलाड़ियों का अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए चयन होने पर उन्हें सम्मानित किया गया।

दो करोड़ दस लाख की हेरोइन बरामद करने वाली टीम सम्मानित

ऑपरेशन त्रिशूल के तहत थाना मुबारकपुर पुलिस टीम ने बावन बीघा पुलिया के पास चेकिंग के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक किलो 16 ग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ (हेरोइन) बरामद किया था। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब दो करोड़ 10 लाख रुपये बताई गई थी। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी, दो मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, ब्रुसीन नामक रासायनिक पदार्थ के दो डिब्बे और 1,130 रुपये नकद भी बरामद किए थे। इस सराहनीय कार्रवाई में योगदान देने वाले आठ पुलिसकर्मियों को एसएसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

टीवीएस एजेंसी चोरी का खुलासा करने वाली टीम को मिला सम्मान

थाना तरवां क्षेत्र के भरतीपुर स्थित टीवीएस एजेंसी में 11 नवंबर को हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण कर चोरी का सामान बरामद करने वाली पुलिस टीम के छह सदस्यों को सम्मानित किया गया। इनमें थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सूरज तिवारी, मुख्य आरक्षी संजय द्विवेदी, आरक्षी बिपिन यादव, आलोक सिंह एवं ओपी दिनेश कुमार यादव शामिल रहे। इसके अलावा गोपनीय सूचनाओं का संकलन कर वांछित गो-तस्करों, अवैध शस्त्र लाइसेंस, संदिग्ध विदेशी नागरिकों एवं असामाजिक तत्वों के संबंध में प्रभावी विधिक कार्रवाई कराने में योगदान देने वाले एलआईयू प्रभारी अरविन्द कुमार राय को भी सम्मानित किया गया। इस प्रकार कुल सात पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

दो महिला खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन

पुलिस लाइन आजमगढ़ में संचालित ताइक्वांडो प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुड़ी दो महिला खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जगह बनाई है। चयनित खिलाड़ियों में स्वाति निषाद अंडर-49 किलोग्राम भार वर्ग तथा अंशु यादव अंडर-62 किलोग्राम भार वर्ग शामिल हैं। दोनों खिलाड़ियों का चयन 19 नवंबर को संत गदीनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मोहम्मदाबाद में आयोजित अंतर महाविद्यालयीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ। आगामी प्रतियोगिता 21 से 24 दिसंबर तक शारदा यूनिवर्सिटी, नोएडा में आयोजित होगी। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

स्थानांतरित अधिकारियों को दी गई भावभीनी विदाई

पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित विदाई समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव एवं क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी को पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। पंकज श्रीवास्तव का स्थानांतरण जनपद मऊ में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तथा शुभम तोदी का स्थानांतरण जनपद संभल में किया गया है। एसएसपी ने दोनों अधिकारियों के कार्यकाल की सराहना करते हुए नवीन तैनाती पर सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

संविधान दिवस पर पुलिसकर्मियों ने ली शपथ

संविधान दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन आजमगढ़ सहित जनपद के सभी थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस लाइन में सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर/लाइन ईश्वरलाल गुर्जर ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना और मौलिक कर्तव्यों की जानकारी देते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता बनाए रखने तथा संवैधानिक आदर्शों का पालन करने की शपथ दिलाई। इसी क्रम में सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थानों पर पुलिसकर्मियों को संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई में सुनीं आमजन की समस्याएं

पुलिस कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने जनसुनवाई कर विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतें गंभीरतापूर्वक सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ित पक्ष को प्रभावी न्याय दिलाने और शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।

दुष्कर्म एवं गर्भपात कराने के मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

वहीं थाना दीदारगंज पुलिस ने दुष्कर्म एवं गर्भपात कराने के मामले में वांछित अभियुक्त धर्मेन्द्र कुमार सोनकर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पीड़िता के संबंध में दी गई तहरीर के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध बार-बार शारीरिक संबंध बनाने, वीडियो वायरल करने की धमकी देने एवं गर्भपात कराने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने 25 नवंबर को सुबह करीब 9:20 बजे महुवारा बाजार के आगे नहर पुलिया के पास से अभियुक्त को गिरफ्तार किया। मामले में थाना दीदारगंज पर मुकदमा अपराध संख्या 226/2026 के तहत धारा 376(2)(एन), 313, 506, 120बी भादवि एवं 3/4 पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज है। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वरलाल गुर्जर, क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल, क्षेत्राधिकारी फूलपुर भूपेश पाण्डेय सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने सभी पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी निष्ठा, सतर्कता और समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button