Azamgarh News:ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में नौनिहालों ने दिखाया दमखम, मल्लूपुर की टीमों का रहा दबदबा
आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय
दौड़, कबड्डी, गोला फेंक और पीटी में बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा की चमक, विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
आजमगढ़ जनपद के शिक्षा क्षेत्र बिलरियागंज अंतर्गत पटवध कौतुक स्थित एक विद्यालय के खेल मैदान में शनिवार को ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इसमें ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के नौनिहालों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार मिश्र ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने मार्च पास्ट कर रहे प्रतिभागी बच्चों की परेड की सलामी ली।
समारोह को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है। खेलों से बच्चों में शारीरिक और मानसिक मजबूती के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास तथा टीम भावना का विकास होता है।
प्रतियोगिता में प्राथमिक स्तर की 100 मीटर बालक दौड़ में कंपोजिट स्कूल बलिया कल्याणपुर के रितेश प्रथम रहे, जबकि 50 मीटर दौड़ में कंपोजिट स्कूल छीही के अंशुमान ने बाजी मारी। जूनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में मोहम्मद जैश प्रथम और पूर्व माध्यमिक विद्यालय रामपुर हज्जामपट्टी के नीरज सरोज द्वितीय स्थान पर रहे।
कबड्डी प्रतियोगिता के जूनियर बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में कंपोजिट स्कूल मल्लूपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब हासिल किया। जूनियर बालक गोला फेंक में कंपोजिट स्कूल छीही के मोहम्मद जैफ प्रथम और कंपोजिट स्कूल बलिया कल्याणपुर के शिवम साहनी द्वितीय रहे। बालिका वर्ग में कंपोजिट स्कूल खालिसपुर की सरोजा प्रथम तथा कंपोजिट स्कूल बलिया कल्याणपुर की प्रीति द्वितीय स्थान पर रहीं।
पीटी प्रदर्शन में प्राथमिक स्तर पर प्राथमिक विद्यालय पटवध की टीम प्रथम रही। जूनियर बालक वर्ग में जोलहा जमुआ तथा जूनियर बालिका वर्ग में कंपोजिट स्कूल खालिसपुर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर राम बदन यादव, पंकज राय, सूर्य कुमार राय, अभिषेक यादव, श्रीकांत यादव, ओमप्रकाश, रामदुलारे सिंह, कपिलदेव सिंह, सुधीर निगम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



