ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की हुई बैठक,शासन की विभिन्न योजनाओं व हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर किया गया जागरूकता
Block Child Welfare and Protection Committee meeting was held, awareness was created by giving information about various government schemes and helpline numbers
भदोही। ब्लॉक डीघ में मिशन वात्सल्य के अंतर्गत ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक का आयोजन किया गया। अध्यक्षता बाल विकास परियोजना अधिकारी ने की। जिसमें सर्वप्रथम सत्येन्द्र पांडेय के द्वारा सभी का स्वागत किया गया। साथ ही ब्लॉक व ग्राम स्तर पर समितियों के कार्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
शासन के आदेशानुसार ग्राम स्तर पर बाल कल्याण समितियों की बैठक नियमित रूप से करवा कर उसकी सूचना बाल विकास परियोजना अधिकारी के माध्यम से जिले पर भिजवाने के लिए आदेशित किया गया है। बाल विकास परियोजना अधिकारी द्वारा बाल संरक्षण के विषय पर जानकारी देते हुए बाल श्रम उन्मूलन, बाल विवाह निषेध पर गठित टास्क फोर्स, बाल शोषण जैसे मुद्दे पर विस्तार से बताया गया। साथ ही उन्होंने बाल संरक्षण में कार्य कर रही इकाइयों के बारे जानकारी देते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन, बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड, बाल कल्याण पुलिस अधिकारी, एएचटीयू के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ग्राम स्तर पर बाल सभा के गठन पर चर्चा की। प्रियंका गुप्ता ने विधि का उल्लंघन करने वाले बच्चों के विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह से होने वाले दुष्परिणाम के बारे में जानकारी दी। साथ ही विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाएं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, विधवा पेंशन योजना, स्पॉन्सरशिप योजना 1098 चाईल्ड लाईन, 112 पुलिस हेल्प लाईन, 1076 जनसुनवाई, 181 महिला हेल्पलाईन, 102 महिला प्रसव हेल्प लाईन, 108 आकस्मिक हेल्पलाईन के बारे जानकारी देकर सभी को जागरूक किया। इसके साथ ही अन्य बिंदुओं पर भी जानकारी दी गई।
इस मौके पर सहायक विकास अधिकारी पंचायती राज, सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, खंड चिकित्सा अधिकारी, बाल कल्याण पुलिस अधिकारी, जिला प्रोबेशन कार्यालय से ममता सिंह, सोनी चौरसिया, कुणाल गुप्ता, महेंद्र गुप्ता एवं समस्त आंगनवाड़ी कार्यकत्री आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहें।
चित्र परिचय: कार्यक्रम में शामिल लोग।