Deoria news, स्वच्छता के प्रति समर्पित सफाई मित्रों को किया गया सम्मानित
स्वच्छता के प्रति समर्पित सफाई मित्रों को किया गया सम्मानित ।
देवरिया।
नगर पालिका परिषद देवरिया द्वारा स्वच्छता के प्रति समर्पित सफाई कर्मियों को सम्मानित करने के लिए आज देवरिया क्लब में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल और नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष अलका सिंह ने लगभग चार सौ सफाई कर्मियों को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि “सफाई कर्मी हमारे शहर की रीढ़ हैं, जो प्रतिदिन सुबह से ही नगर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।” उन्होंने कहा कि दीपावली, छठ जैसे पर्वों पर सफाई कर्मियों द्वारा दिखाई गई निष्ठा और परिश्रम के कारण ही नगर की सुंदरता और स्वच्छता बनी रहती है।
अध्यक्ष अलका सिंह ने कहा कि “सफाई मित्रों की मेहनत और समर्पण से ही देवरिया स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है।” उन्होंने आश्वस्त किया कि नगर पालिका प्रशासन सफाई कर्मियों के हितों और सुविधाओं को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है।
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक उपकरणों और संसाधनों की व्यवस्था की जा रही है, जिससे सफाई कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिल सके।
कार्यक्रम के अंत में सफाई कर्मियों ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया और नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सभासदगण, सफाई निरीक्षक राज प्रताप सिंह, वरिष्ठ सफाई लिपिक काशीनाथ पांडेय, मनीष श्रीवास्तव, राजन सिंह, समस्त सफाई नायक एवं सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।



