Azamgarh News: आजमगढ़-मऊ मार्ग घंटों बाधित,रोडवेज बस से महिला कुचली गई, ग्रामीणों का हंगामा;अखिलेश यादव भी जाम में फंसे
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के हरैया चट्टी पर मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे आजमगढ़–मऊ मार्ग पर जा रही एक रोडवेज बस ने सड़क पार कर रही एक महिला को कुचल दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर आजमगढ़–मऊ मुख्य मार्ग पर दोनों ओर घंटों जाम लगा दिया।मृतका की पहचान जहानागंज थाना क्षेत्र के ग्राम बस्ती निवासी लालमुन्नी (50 वर्ष), पत्नी जोखन राम के रूप में हुई। वह दवा लेने हरैया चट्टी बाजार आई थीं और सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बस की चपेट में आ गईं।हादसे के तुरंत बाद मऊ जनपद की मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस शव को ऑटो में रखकर अपने क्षेत्र की ओर ले जा रही थी। यह देखते ही ग्रामीण भड़क उठे और करीब 2 किलोमीटर तक ऑटो का पीछा किया। सुतरही मोड़ के पास उन्होंने शव को वापस ले लिया और हरैया चट्टी पर मुख्य मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। त्तिफाक से इसी दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव दिवंगत सपा विधायक स्व. सुधाकर सिंह के घर श्रद्धांजलि देने घोसी (मऊ) जा रहे थे। जाम में उनका काफिला भी करीब 40 मिनट तक फंसा रहा। मौके से ही अखिलेश यादव ने जिलाधिकारी रविंद्र कुमार से फोन पर वार्ता कर पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्वयं मृतका के पति जोखन राम को एक लाख रुपये नकद भेंट किए। साथ ही घोसी सांसद राजीव राय और क्षेत्रीय विधायक से बुधवार को पीड़ित परिवार से मिलकर एक-एक लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता देने को कहा।घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी मधुबन सिंह, सीओ सदर आस्था जायसवाल, सीओ सगड़ी सहित मुबारकपुर, जहानागंज, जीयनपुर, सिधारी आदि थानों का भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।



