जबलपुर में ट्रक चालक की दिनदहाड़े पत्थर से कुचलकर हत्या, क्लीनर पर शक
शाही तालाब के पास ट्रक चालक की हत्या, कंडक्टर फरार

जबलपुर में शनिवार की दोपहर को एक ट्रक चालक की दिन दहाड़े पत्थर पटककर हत्या कर दी गई। घटना संजीवनी नगर के शाही तलाब के पास की है। जानकारी लगते हुए सीएसपी के साथ पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात हत्यारे के खिलाफ मामला दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इधर घटना के बाद चालक के साथ मौजूद रहा कंडक्टर फरार है। आशंका जताया जा रहा है, कि संभवता किसी बात को लेकर दोनों का विवाद हुआ, और घटना को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार की दोपहर करीब 3 बजे पुलिस को सूचना मिली कि शाही तलाब के पास एक ट्रक क्रमांक सीजी04क्यूजी 9427 खड़ा हुआ है। केबिन के भीतर चालक की लाश पड़ी हुई है, पास ही खून से सना पत्थर भी पड़ा हुआ है। सीएसपी ने बताया कि मृतक ट्रक चालक का नाम महेंद्र रजक है, जो कि कोलकाता से नगर निगम जबलपुर के लिए पाइप लेकर आया था। संजीवनी नगर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर पीएम के लिए शव मेडिकल भिजवाते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
नगर निगम के जल विभाग में पदस्थ अजय पटेल ने बताया कि शहर में अमृत प्रोजेक्ट का काम चल रहा है। आज कोलकाता से पाइप आने थे। शनिवार की दोपहर को अजय ट्रक के पास पहुंचा और काफी देर तक चालक को तलाश किया। इसके बाद वह ट्रक के दूसरे साइड गया तो देखा कि दरवाजा खुला था। अजय ट्रक में चढ़कर कंबल ओढ़े ड्राइवर को काफी देर तक हिलाया पर जब वह नहीं उठा तो जल विभाग के अधिकारी और पुलिस को सूचना दी गई। थोड़ी देर बाद सीएसपी एमपी नगोतिया मौके पर पहुंचे तो देखा कि महेंद्र की पत्थर पटककर हत्या कर दी गई है।
अजय पटेल का कहना है कि ट्रक कोलकाता से आया था। सीएसपी के महादेव प्रसाद नागोटिया के मुताबिक हत्या में क्लीनर इम्मू पटेल के शामिल होने की उम्मीद है, क्योंकि वह मौके से गायब है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



