Azamgarh News: ईस्ट इंडिया कंपनी की तरह देश व प्रदेश को बांटने व लूटने का काम कर रही भाजपा सरकार – शिवपाल यादव

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद के महराजगंज विकासखंड के त्रिपुरारपुर खालसा में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा के अनावरण के बाद आयोजित भव्य जनसभा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार ठीक उसी तरह काम कर रही है, जैसे कभी ईस्ट इंडिया कंपनी करती थी — जनता को बांटने और लूटने का काम।शिवपाल यादव ने कहा कि पूर्ववर्ती सपा सरकार के दौरान पूरे प्रदेश में चौड़ी सड़के, पुल, मेट्रो, अस्पताल और एक्सप्रेसवे जैसे विकास कार्य तेजी से हुए थे, लेकिन पिछले दस वर्षों से डबल इंजन की भाजपा सरकार होने के बावजूद विकास के नाम पर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है। किसान, नौजवान, कर्मचारी व अल्पसंख्यक सभी वर्ग परेशान और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज का दिन अत्यंत गौरवशाली और प्रेरणादायक है। नेताजी (स्व. मुलायम सिंह यादव) हमेशा कहा करते थे कि गरीबों की मदद, किसानों का सम्मान और नौजवानों को रोजगार दिलाना ही असली राजनीति है। आजमगढ़ की जनता से उन्हें अपार प्रेम था। सपा कार्यकर्ता पूर्व प्रधान रामधनी यादव द्वारा नेताजी की प्रतिमा स्थापित किया जाना ऐतिहासिक कार्य है, जिसकी जितनी सराहना की जाए उतनी कम है। शिवपाल यादव ने कहा कि नेताजी के बताए हुए मार्ग पर चलते हुए समाजवाद को फिर से ऊंचाइयों तक पहुंचाना है और आने वाले दिनों में अखिलेश यादव को प्रदेश की बागडोर सौंपने का लक्ष्य समाजवादी कार्यकर्ताओं का संकल्प है।
कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी को पूरे प्रदेश में व्यापक जनसमर्थन प्राप्त है, लेकिन आजमगढ़ ने जो सम्मान दिया है, वह अद्वितीय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नेताजी के सपनों को साकार करते हुए आजमगढ़ में पीडीए भवन का निर्माण कराया, जो यहां की जनता के प्रति नेता जी के प्रेम का प्रतीक है। उन्होंने 2027 में यूपी की सत्ता समाजवादी पार्टी के हाथ में लाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक नफीस अहमद, विधायक पूजा सरोज, डॉ. संग्राम यादव, आलमबदी अहमद, दुर्गा प्रसाद यादव, पूर्व सांसद नंद किशोर यादव आदि नेताओं ने भी सभा को संबोधित किया। मौके पर पार्टी में गुटबाजी देखने को मिली। कई होल्डिंगों में अध्यक्ष तथा विधायक का फोटो गायब था जिसको लेकर वहां उपस्थित जन समूह में तरह-तरह की चर्चा हो रही थी।
सभा में सगड़ी विधायक एच.एन. पटेल, मुबारकपुर विधायक अखिलेश यादव, सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, पूर्व विधायक श्याम बहादुर यादव, अभय नारायण पटेल, ब्लॉक प्रमुख पल्हनी प्रमोद यादव, इरशाद अहमद, कमलेश यादव, संजय यादव, लल्लन चौहान, चंचल यादव समेत हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला अध्यक्ष हवलदार यादव द्वारा किया गया।



