Azamgarh news :आजमगढ़ में सड़क हादसा: मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहे भाई की मौत, बहन घायल

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के रजादेपुर में एक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार प्रशांत कुमार राव (25) पुत्र ओकेंद्र राव और उसकी बहन मधु कुमारी (18) गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी और दोनों घायलों को अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान प्रशांत की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक मूल रूप से देवरिया का रहने वाला था और अपनी बहन के साथ आजमगढ़ में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। कार्यक्रम से लौटते समय दोनों हादसे का शिकार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। मृतक की बहन मधु ने बताया कि वे तीन भाई-बहन थे और प्रशांत सबसे छोटा था। हादसे की सूचना मिलते ही देवरिया स्थित पैतृक घर में कोहराम मच गया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



