Azamgarh News: सीएमओ डॉ. एन. आर. वर्मा का सख्त निर्देश, कार्य-संस्कृति में सुधार करें, महिला स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने जनपद के सभी सरकारी चिकित्सालयों के अधीक्षक, प्रभारी चिकित्साधिकारी, डिप्टी एवं एडिशनल सीएमओ को कार्य-संस्कृति में सकारात्मक बदलाव लाने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मातहत कर्मचारियों के प्रति अनुशासित, संवेदनशील और सहयोगी व्यवहार हर स्तर पर सुनिश्चित किया जाए। सीएमओ ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में जनपद ने संतोषजनक प्रगति दर्ज की है, जिसके लिए उन्होंने चिकित्सकों, एएनएम, आशा बहुओं से लेकर सभी फील्ड स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बेहतर समन्वय और टीमवर्क से उपलब्धियाँ और बढ़ाई जा सकती हैं। डॉ. वर्मा ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि महिला स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा और सम्मान विभाग की शीर्ष प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अभद्रता, उत्पीड़न या अनुचित व्यवहार पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि पुरुष हो या महिला, कोई भी कर्मचारी यदि अधिकारों का दुरुपयोग करता है, झूठे आरोप लगाता है या मनमाना व्यवहार करता है, तो उस पर भी निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ ने मातहतों पर अनावश्यक दबाव, शोषण, मनमानी या विभागीय मर्यादा का उल्लंघन बिल्कुल भी स्वीकार न होने की बात कही। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को सलाह दी कि वे सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखें और किसी भी प्रकार की शिकायत सीधे उनके सीयूजी नंबर पर या व्यक्तिगत रूप से प्रस्तुत कर सकते हैं।उन्होंने बताया कि विभिन्न ब्लॉकों से तालमेल की कमी और अनियमितताओं की मिली शिकायतों पर विभागीय जांच प्रारंभ कर दी गई है।
सीएमओ ने कहा कि आपसी खींचतान और विवाद विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं, इसलिए सभी को टीम भावना के साथ कार्य करना चाहिए।अंत में उन्होंने दोहराया कि विभाग भी शासन की तरह जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोरता से संचालित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button