Azamgarh News: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा टला मौलाना आमिर रशादी की SUV से जंगली जानवर की टक्कर, वाहन क्षतिग्रस्त,सभी यात्री सुरक्षित

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बीती रात एक बड़ी दुर्घटना होते-होते बच गई। राष्ट्रीय ओलमा कौंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना आमिर रशादी सोमवार रात आजमगढ़ से लखनऊ जा रहे थे। रात लगभग 11:30 बजे, एक्सप्रेसवे के 198 किलोमीटर मार्कर के पास उनकी SUV से अचानक विपरीत दिशा से आए एक जंगली जानवर ने तेज़ टक्कर मार दी।अचानक हुई इस जोरदार टक्कर से मौलाना की SUV बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, लेकिन बड़ी राहत की बात यह रही कि मौलाना और वाहन में मौजूद अन्य सभी यात्री सुरक्षित रहे। उन्हें केवल मामूली चोटें आईं।
घटना की सूचना तुरंत एक्सप्रेसवे के इमरजेंसी नंबर पर दी गई, जिसके बाद पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुँची और प्राथमिक कार्रवाई की। मीडिया से बातचीत में मौलाना आमिर रशादी ने इस दुर्घटना के लिए एक्सप्रेसवे प्रबंधन की कमजोर सुरक्षा व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर नीलगाय और अन्य जंगली जानवरों के पहुंचने की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस रोकथाम के उपाय नहीं किए गए।मौलाना रशादी ने कहा कि एक्सप्रेसवे पर किसी जंगली जानवर का पहुंच जाना यह साबित करता है कि सुरक्षा इंतज़ाम बेहद कमजोर हैं। इतना महंगा टोल टैक्स देने के बाद भी यदि सुरक्षित सड़क न मिले, तो यह अत्यंत चिंताजनक है। पूरे एक्सप्रेसवे की तत्काल फेंसिंग कराना बेहद जरूरी है, ताकि यात्रियों की जान जोखिम में न पड़े।
स्थानीय लोग भी लम्बे समय से एक्सप्रेसवे पर फेंसिंग, चेतावनी संकेत और नियमित निगरानी की मांग उठाते रहे हैं।



