Azamgarh News: रंगे हाथ गिरफ्तार: आजमगढ़ में बैंक मैनेजर ने ली 20 हजार की रिश्वत

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय ,
आजमगढ़। सीबीआई की विशेष टीम ने आजमगढ़ जिले स्थित यूपी ग्रामीण बैंक की महर्षि दुर्वाषा धाम शाखा में छापेमारी कर शाखा प्रबंधक श्रवण टंडन को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान बैंक के चपरासी विश्राम को भी हिरासत में लिया गया, जो कथित तौर पर बिचौलिये की भूमिका निभा रहा था।सीबीआई अधिकारियों के अनुसार, ग्राम गहजी (थाना अहिरौला) निवासी शिकायतकर्ता विशाल कुमार का किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के तहत 2.25 लाख रुपये का लोन स्वीकृत हुआ था। पहली किस्त खाते में आने के बाद जब वह राशि निकालने बैंक पहुंचा, तो शाखा प्रबंधक ने चपरासी के माध्यम से 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।शिकायत के आधार पर सीबीआई ने जाल बिछाया और विशाल कुमार को 20 हजार रुपये एडवांस के रूप में देने के लिए भेजा। जैसे ही शाखा प्रबंधक ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, सीबीआई टीम ने मौके पर ही प्रबंधक और चपरासी दोनों को गिरफ्तार कर लिया।दोनों को लखनऊ ले जाकर रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। सीबीआई ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



