Azamgarh News: मुठभेड़ मामला: शिकायत पर मानवाधिकार आयोग की कार्रवाई

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग ने आजमगढ़ जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र में 30 नवंबर को हुई कथित पुलिस मुठभेड़ के मामले में संज्ञान लेते हुए एसएसपी आजमगढ़ से जवाब तलब किया है। यह कार्रवाई समाजसेवी एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर की शिकायत पर की गई है।शिकायत के अनुसार जौनपुर के थाना खुटहन क्षेत्र के ग्राम पटैला निवासी परवेज पुत्र मुनीर अहमद को 30 नवंबर की सुबह पुलिसकर्मी जिला अस्पताल आजमगढ़ के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. महेंद्र कुमार के पास ले गए और उसे सड़क दुर्घटना (RTA) का घायल बताया। मेडिकल जांच के दौरान परवेज की दाहिनी कमर पर दो गोली के घाव मिले। आरोप है कि इसके बाद डॉक्टर पर मेडिकल रिपोर्ट को बदलकर सड़क दुर्घटना दर्शाने का दबाव डाला गया, लेकिन उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया।बाद में पुलिस ने परवेज को अन्तरजनपदीय अपराधी एवं पशु तस्कर बताते हुए दावा किया कि वह मुठभेड़ में घायल हुआ है और उसके पास से 18 मवेशी, एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किए गए।आयोग ने मामले को गंभीर मानते हुए एसएसपी आजमगढ़ को निर्देश दिया है कि वे शिकायतकर्ता को उचित अवसर प्रदान करते हुए संपूर्ण प्रकरण की जांच करें और 23 जनवरी 2026 तक अपनी रिपोर्ट आयोग को सौंपें। मामले की अगली सुनवाई 27 जनवरी 2026 को निर्धारित है।



