Azamgarh News: भूमि विवाद में रजनीश की हत्या का खुलासा, चार अभियुक्त गिरफ्तार

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आज़मगढ़। कोतवाली पुलिस ने 06 दिसंबर को हुए रजनीश पाण्डेय हत्याकांड का खुलासा करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचा, कारतूस व खोखा भी बरामद किया है।
मामला ग्राम मार्रा कर्मनाथपट्टी निवासी राघव पाण्डेय के पुत्र रजनीश पाण्डेय (45) की हत्या से जुड़ा है। बताया गया कि रजनीश का पिछले लगभग 20 वर्षों से पुरूषोत्तमपुर बनकट निवासी नगीना सिंह, इन्द्रसेन सिंह, भीमसेन सिंह व उग्रसेन सिंह तथा जीयनपुर थाना क्षेत्र के दाऊदपुर बाघखालीस निवासी आजम पुत्र अलीम से करीब तीन बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपियों ने कई बार उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी।घटना 06 दिसंबर की शाम तब हुई जब रजनीश गाँव से वापस आज़मगढ़ लौट रहा था। जैसे ही वह सिकरौड़ा पुलिया के पास पहुँचा, घात लगाए बैठे अभियुक्तों ने उसे रोक लिया। ललकार के बाद नगीना उर्फ रामनगीना सिंह ने 315 बोर तमंचे से फायर किया, जिससे रजनीश गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसी आधार पर कोतवाली में मु0अ0सं0 637/25, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज हुआ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय की टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। बुधवार तड़के लगभग 00:15 बजे, पुलिस ने चारों अभियुक्त—नगीना, इन्द्रसेन, भीमसेन व उग्रसेन—को शिवालिक मेडिकल कॉलेज, सिक्स लेन के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सभी ने भूमि विवाद को ही हत्या का कारण बताया तथा नगीना द्वारा गोली चलाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके पास से अवैध 315 बोर तमंचा, एक खोखा व एक जिन्दा कारतूस बरामद किया है। सभी आरोपियों पर पहले भी मारपीट एवं धमकी देने के मामले दर्ज रह चुके हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय, उ0नि0 अखिलेश नारायण सिंह, उ0नि0 रामकिशोर शर्मा सहित पुलिस कर्मी विवेक शर्मा, अखिलेश कुशवाहा, सुमित, अजब नारायण सिंह व आशीष यादव शामिल रहे।
–



