पत्नी की कथित प्रताड़ना से तंग युवक ने की आत्महत्या,वीडियो में बताई दर्दनाक दास्तान
Etawah: Fed up with alleged harassment by his wife, a young man commits suicide, narrating his harrowing story in a video.

उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक हृदय विदारक मामला सामने आया है, जहां मोहित यादव नाम के युवक ने पत्नी और ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले मोहित ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उसने अपनी परेशानी और आत्मघाती कदम उठाने की वजह बताई।
वीडियो में मोहित ने क्या कहा?
वीडियो में मोहित ने कहा:
“जब तक यह वीडियो आप तक पहुंचेगा, तब तक मैं इस दुनिया में नहीं रहूंगा। अगर लड़कों की सुरक्षा के लिए भी कोई कानून होता, तो शायद मैं यह कदम न उठाता। मेरी पत्नी और ससुराल वाले कई सालों से मुझे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। अब मैं इसे सहन नहीं कर पा रहा हूँ। मम्मी-पापा, मुझे माफ कर दीजिए।”
सात साल के रिश्ते के बाद हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, मोहित एक सीमेंट कंपनी में फील्ड इंजीनियर था और नोएडा में अकेले रहता था। वहीं उसकी मुलाकात प्रिया नाम की महिला से हुई। दोनों सात साल तक रिश्ते में रहे और फिर घरवालों की रज़ामंदी से शादी कर ली।
शादी के कुछ समय बाद प्रिया का चयन समस्तीपुर (बिहार) में प्राइमरी टीचर के तौर पर हुआ, जिसके बाद कथित तौर पर उसका व्यवहार बदलने लगा और वह पति से अलग रहने की मांग करने लगी।
परिवार का आरोप: मानसिक प्रताड़ना और धमकियां
मोहित के परिजनों ने आरोप लगाया है कि प्रिया और उसके माता-पिता लगातार मोहित पर दबाव बनाते थे कि वह घर की जमीन उनके नाम कर दे।
वीडियो में मोहित ने दावा किया कि उसकी पत्नी और सास झूठे दहेज केस की धमकी देती थीं और जबरन गर्भपात भी करवाया गया।
‘इंसाफ न मिले तो मेरी अस्थियां नाले में बहा देना’
वीडियो के अंत में मोहित ने कहा:
“अगर मुझे इंसाफ न मिले तो मेरी अस्थियां किसी नाले में बहा देना। मैं आपकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया।”
होटल में फांसी लगाकर दी जान
घटना की जानकारी तब हुई जब जौली होटल के कर्मचारियों ने कमरा नंबर 105 में मोहित को फांसी पर लटका पाया। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।



