सीएम योगी आज एक घंटे से अधिक रहेंगे आजमगढ़ में, 1200 पुलिसकर्मियों की तैनाती
कलेक्ट्रेट बनेगा सुरक्षा का केंद्र, सीएम योगी आज आएंगे

आजमगढ़। जिले में बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। सीएम लगभग 1 घंटा 10 मिनट जिले में प्रवास करेंगे। उनके कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था से लेकर अन्य प्रबंधों तक सभी विभागों को अलर्ट मोड में रखा गया है। बुधवार देर शाम तक अधिकारियों की समीक्षा बैठकों का दौर जारी रहा, वहीं पुलिस-प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है।डीएम रविंद्र कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह करीब 9:55 बजे पुलिस लाइन स्थित हेलिपैड पर उतरेगा। वहाँ से वे बाइकार कलेक्ट्रेट के लिए रवाना होंगे और 10 बजे कलेक्ट्रेट सभागार पहुँचकर कमिश्नर विवेक, डीआईजी सुनील कुमार सिंह, डीएम रविंद्र कुमार और एसपी डॉ. अनिल कुमार की मौजूदगी में विकास कार्यों तथा कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर और उसके पाँच किलोमीटर के दायरे को ‘नो-फ्लाइंग जोन’ घोषित किया गया है।सूत्रों के अनुसार, सीएम जिले में चल रहे एसआईआर (विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण) कार्य की भी समीक्षा कर सकते हैं। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को समय पर उपस्थित रहने और आवश्यक अभिलेख तैयार रखने के निर्देश जारी किए हैं। बैठक में कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान, डॉ. एके शर्मा, एमएलसी विजय बहादुर पाठक, एमएलसी रामसूरत राजभर, लालगंज जिलाध्यक्ष विनोद राजभर और आजमगढ़ जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।आठ जोन और 24 सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था:सीएम के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए जिले को चार सुपर जोन, आठ जोन और 24 सेक्टरों में बाँटा है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन के अनुसार, सुरक्षा में कुल 1200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।



