Azamgarh News: तेज रफ्तार अर्टिगा की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, इलाके में मातम

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। यह भीषण दुर्घटना खुंटौली गांव के पास उस समय हुई, जब तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में शशिकांत (24) पुत्र रामचंद्र और प्रिंस (16) पुत्र जगदीश गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक फूलपुर थाना क्षेत्र के बिरादर गांव के निवासी थे और टेंट हाउस में काम करने जा रहे थे। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल दोनों घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इलाज के दौरान शशिकांत ने दम तोड़ दिया, जबकि प्रिंस की हालत नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही प्रिंस की भी मौत हो गई। दो युवकों की मौत की खबर से गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही फूलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अर्टिगा कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।



