Azamgarh news: कानून के शिकंजे में अवैध शिक्षा कारोबार,एसडीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने स्कूल किया सील
बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं:एसडीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने अवैध विद्यालय पर कसा शिकंजा

आजमगढ़ 18 दिसम्बर:मुख्यमंत्री के निर्देशों को ज़मीन पर सख्ती से लागू करते हुए निजामाबाद के तेज-तर्रार उप जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने गुरुवार को मोहम्मदपुर शिक्षा क्षेत्र के अबू सईदपुर गांव में संचालित एक अवैध विद्यालय को तत्काल सील कराकर प्रशासनिक दृढ़ता का परिचय दिया।मुख्यमंत्री पोर्टल पर मिली शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बिना किसी देरी के खंड शिक्षा अधिकारी मोहम्मदपुर के साथ मौके पर पहुंचकर जांच कराई। जांच में विद्यालय बिना मान्यता के संचालित पाया गया, जिस पर एसडीएम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विद्यालय को सील करने का आदेश दे दिया।एसडीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने न केवल अवैध संचालन पर रोक लगाई, बल्कि अभिभावकों से संवाद कर बच्चों के भविष्य को सुरक्षित रखते हुए उन्हें पास के मान्यता प्राप्त विद्यालयों में नामांकन कराने के निर्देश भी दिए। उनकी इस संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।यह कार्रवाई जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के सख्त निर्देशों के क्रम में की गई है, जिनके तहत जिले में बिना मान्यता के किसी भी विद्यालय के संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध है। प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रियता से शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में यह कदम अहम माना जा रहा है।क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि एसडीएम चंद्र प्रकाश सिंह की कार्यशैली से साफ संदेश गया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के लिए जिले में कोई स्थान नहीं है।



