Azamgarh News: ऑटो का गेट खुलने से सड़क पर गिरी मां-बेटी, तेज रफ्तार ट्रक ने कुचलकर ली जान

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। पवई थाना क्षेत्र अंतर्गत अहिलासपुर गांव निवासी 28 वर्षीय सोनी और उसकी ढाई साल की मासूम बेटी सोनाक्षी की एक ही पल में दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब चलती ऑटो का पिछला गेट अचानक खुल गया और दोनों सड़क पर गिर पड़ीं।
मिली जानकारी के अनुसार, सोनी अपनी मां की तेरहवीं पूजा और दर्शन के लिए परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ऑटो से दुर्वासा धाम जा रही थी। जैसे ही ऑटो मुत्तकल्लीपुर गांव के पास पहुंचा, अचानक उसका पिछला गेट खुल गया। गेट खुलते ही मासूम सोनाक्षी सड़क पर गिर पड़ी। बेटी को बचाने के प्रयास में सोनी भी संतुलन खो बैठी और सड़क पर गिर गई।
इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने मां-बेटी दोनों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
ऑटो में सवार अन्य परिजन चीख-पुकार करते रह गए, लेकिन तेज रफ्तार वाहनों के बीच कोई मदद नहीं मिल सकी। हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में दोनों शवों को ऑटो में रखकर सोनी के ससुराल रुदौली माफी, थाना मालीपुर, जनपद अंबेडकर नगर ले गए।घटना की सूचना मिलते ही मायके और ससुराल दोनों पक्षों में कोहराम मच गया। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है। पुलिस को भी घटना की जानकारी दे दी गई है, फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।



