Azamgarh News: बाजार क्षेत्रों में अलाव न जलने से ग्रामीणों में आक्रोश, प्रशासनिक आदेश हवा-हवाई साबित

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आज़मगढ़ जनपद में कड़ाके की ठंड, गलन और घने कोहरे के बीच बाजार क्षेत्रों में अलाव की व्यवस्था न होने से ग्रामीणों और राहगीरों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सगड़ी तहसील के अंतर्गत बिलरियागंज विकासखंड क्षेत्र तथा नगर पालिका की प्रमुख बाजारें गुलवा गौरी, नसीरपुर,जैगहां बाजार, विन्दवल, जयराजपुर, पटवध सरैया, श्रीनगर (सियरहां), बनकट, आजमपुर सहित आसपास के चट्टी-चौराहे पूरी तरह अलाव से वंचित नजर आ रहे हैं। क्षेत्र में पिछले कई दिनों से ठंड और गलन लगातार बढ़ती जा रही है। सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहता है, जिससे बाजार आने-जाने वाले ग्रामीण, दुकानदार, मजदूर और राहगीर ठिठुरने को मजबूर हैं। बावजूद इसके प्रशासन की ओर से अब तक किसी भी बाजार या सार्वजनिक स्थल पर अलाव की व्यवस्था नहीं कराई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शीतलहर को देखते हुए स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि सभी जिलों में बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाए जाएं, ताकि आम जनमानस को ठंड से राहत मिल सके। वहीं, जनपद के जिलाधिकारी द्वारा भी सभी तहसीलों और नगर निकाय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि लेखपालों के माध्यम से प्रत्येक बाजार, चट्टी और प्रमुख चौराहों पर अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर आदेशों का कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित अधिकारी और कर्मचारी आदेशों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे शासन-प्रशासन की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द सभी बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलवाया जाए, अन्यथा ठंड से बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि आम लोगों को इस भीषण ठंड और गलन से राहत मिल सके।



