Azamgarh News: फर्जी दरोगा बनकर शादी और ठगी करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार, पुलिस वर्दी व कूटरचित दस्तावेज बरामद

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद में फर्जीवाड़े का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां स्वयं को पुलिस उप-निरीक्षक बताकर शादी करने और लाखों रुपये की ठगी करने वाले अभियुक्त को थाना निजामाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण में यह बड़ी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त प्रदीप यादव पुत्र मोतीलाल यादव, निवासी ग्राम मड़ना, थाना अहरौला (उम्र लगभग 28 वर्ष) को दिनांक 20 दिसंबर 2025 को समय 10:20 बजे गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से उप-निरीक्षक की वर्दी, फर्जी पुलिस परिचय पत्र, फर्जी नियुक्ति/ज्वाइनिंग लेटर समेत भारी मात्रा में कूटरचित सामग्री बरामद की गई है।
शादी के नाम पर दहेज व धन की ठगी,दिनांक 04 सितंबर 2025 को वादिनी श्रीमती काजल यादव, निवासी मिठ्ठनपुर हादीअली, थाना निजामाबाद ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि अभियुक्त ने स्वयं को पीएसी सिपाही/उप-निरीक्षक बताकर 16 फरवरी 2022 को विवाह किया। विवाह के दौरान दहेज में लगभग 8 लाख रुपये, सोने के आभूषण व घरेलू सामान लिया गया। इसके बाद अतिरिक्त दहेज और वाहन की मांग को लेकर प्रताड़ना की गई। इतना ही नहीं, अभियुक्त ने UPSI 2023 में चयन का झांसा देकर मेडिकल के नाम पर 1 लाख रुपये और वसूल लिए। जांच में स्पष्ट हुआ कि अभियुक्त का पुलिस विभाग से कोई संबंध नहीं है।
मुकदमा और गिरफ्तारी
उक्त प्रकरण में थाना निजामाबाद पर मु0अ0सं0 307/25 धारा 85, 205, 318(4), 351(3) बीएनएस व 3/4 डीपी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। माननीय न्यायालय द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध NBW तथा धारा 84 BNSS का अधिपत्र जारी किया गया था।
दिनांक 20.12.2025 को सूचना मिली कि अभियुक्त पुलिस वर्दी पहनकर पीड़िता को धमकाने आया है, जिस पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। विवेचना में मुकदमे में धारा 204, 319(2), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया।
पूछताछ में खुलासे
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने अच्छी शादी और धन लाभ के लालच में सिपाही व उप-निरीक्षक के फर्जी आई-कार्ड और नियुक्ति पत्र तैयार कराए। प्रयागराज के थाना कर्नलगंज में तैनाती का झूठा दावा कर वह वर्दी पहनकर लोगों को भ्रमित करता रहा और ठगी करता रहा।
बरामदगी (संक्षेप में)
02 फर्जी पुलिस परिचय पत्र, फर्जी ज्वाइनिंग लेटर, नेम प्लेट
उप-निरीक्षक की वर्दी, जैकेट, कैप, बेल्ट, जूते व वर्दी में फोटो
आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम/डेबिट कार्ड
मोबाइल फोन (कीपैड व स्मार्टफोन)
नगद ₹1117 सहित अन्य सामग्री
गिरफ्तारी टीम
उ0नि0 कमला प्रसाद, थाना निजामाबाद
व0उ0नि0 सविन्द्र राय, थाना निजामाबाद
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के सरकारी पद व तैनाती की पुष्टि किए बिना विश्वास न करें और किसी प्रकार की शंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button