Jabalpur news:सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर नकबजन गिरफ्तार
Two vicious burglars arrested for breaking into a vacant house and stealing

जबलपुर। थाना अधारताल पुलिस ने सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर नकबजनों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सोने का एक लॉकेट, चार गुरिया, चांदी के 21 सिक्के, एक करधन, दो जोड़ी पायल एवं दो चूड़ियां सहित कुल लगभग 2 लाख 20 हजार रुपये मूल्य का मशरूका जब्त किया है। इस मामले में अपराध क्रमांक 1155/25 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक चक्रवर्ती (19) निवासी दुर्गा चौक बाबाटोला थाना हनुमानताल तथा प्रिंस उर्फ आशिक चौधरी (18) निवासी विलियम के घर के पास थाना हनुमानताल शामिल हैं।पुलिस के अनुसार, दिनांक 23 नवंबर 2025 को सुधीर कुमार सेन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके बड़े भाई सतीश कुमार सेन अपने परिवार सहित नागपुर गए हुए थे। इसी दौरान सिद्धीविनायक कॉलोनी महाराजपुर स्थित उनके सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। सूचना पर थाना अधारताल में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान विश्वसनीय मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अधारताल सब्जी मार्केट कंचनपुर से दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा।थाना लाकर सघन पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने रेकी कर वारदात को अंजाम दिया और चोरी का माल आपस में बांटकर अपने-अपने घरों में छिपा दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर पूरा मशरूका बरामद कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। उल्लेखनीय है कि आरोपी अभिषेक चक्रवर्ती के विरुद्ध पूर्व से चोरी, नकबजनी, मारपीट एवं हत्या के प्रयास सहित आधा दर्जन अपराध दर्ज हैं, जबकि प्रिंस उर्फ आशिक चौधरी के विरुद्ध नकबजनी के दो मामले पंजीबद्ध हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अधारताल प्रवीण कुमार कुमरे के नेतृत्व में पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



