Azamgarh news :व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न, व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न, व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेशों के क्रम में आज दिनांक 21.12.2025 (रविवार) को समय 14:00 बजे पुलिस लाइन स्थित सभागार, जनपद आजमगढ़ में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ एवं अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/नोडल अधिकारी व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ के निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी नगर/सहायक नोडल अधिकारी शुभम तोदी व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक का उद्देश्य जनपद के व्यापारी बंधुओं, पेट्रोल पंप संचालकों, बैंक मित्रों एवं माइक्रो फाइनेंस कर्मियों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा। बैठक में उपस्थित व्यापारियों द्वारा विभिन्न समस्याएं रखी गईं, जिनमें प्रमुख रूप से—
थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कटरा तिराहा के पास बिजली के पोल के कारण नाली जाम होने एवं एक पोल के क्षतिग्रस्त होने की समस्या।
थाना सिधारी क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन के आसपास दुकानों के सामने अवैध रूप से दोपहिया व चारपहिया वाहनों के खड़े होने से आवागमन में उत्पन्न बाधा।
थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रोडवेज के सामने सड़क पर नियमित जाम की स्थिति।
थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मुकेरीगंज मोहल्ले से पॉलीटेक्निक तक नालियों की नियमित सफाई न होना।
उपरोक्त समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा यातायात निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि कोतवाली एवं सिधारी क्षेत्र में जाम की समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। नगर पालिका से संबंधित समस्याओं के निस्तारण हेतु बैठक में उपस्थित ए0ई0 को आवश्यक निर्देश दिए गए, जबकि विद्युत विभाग से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु पत्राचार के माध्यम से अवगत कराने का निर्णय लिया गया।
बैठक में प्रभारी निरीक्षक थाना एएचटी श्री अभयराज मिश्रा, निरीक्षक यातायात श्री संजय कुमार पाल, थाना एएचटी के समस्त अधिकारी/कर्मचारीगण, जनपद के व्यापारी बंधु, पेट्रोल पंप मालिक, सर्राफा व्यापारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
जनपद आजमगढ़ पुलिस द्वारा व्यापारी सुरक्षा एवं सार्वजनिक सुव्यवस्था बनाए रखने हेतु इस प्रकार की बैठकों के माध्यम से निरंतर संवाद एवं समन्वय स्थापित किया जा रहा है।



