Gazipur News :दिवंगत माकपा नेता राजबहादुर सिंह को दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि
Gazipur news
Gazipur News :दिवंगत माकपा नेता राजबहादुर सिंह को दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि
जखनियां (गाजीपुर)।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के दिवंगत वरिष्ठ नेता राजबहादुर सिंह का श्रद्धांजलि समारोह उनके पैतृक गांव झोंटना स्थित आवास पर भावपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके संघर्षशील जीवन और विचारधारा पर प्रकाश डाला।
समारोह को संबोधित करते हुए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की राज्य कार्यकारिणी के सदस्य भूपेन्द्र यादव ने कहा कि राजबहादुर सिंह का संपूर्ण जीवन संघर्ष, ईमानदारी और सिद्धांतों को समर्पित रहा। उन्होंने बताया कि उनके पिता राजनारायण सिंह भी क्रांतिकारी विचारधारा से जुड़े थे, जिनसे मिले वैचारिक संस्कारों को राजबहादुर सिंह ने जीवन पर्यंत निभाया।
माकपा नेता विजय बहादुर सिंह ने कहा कि वर्तमान दौर में राजबहादुर सिंह जैसे संघर्षशील और सिद्धांतवादी नेताओं की कमी और अधिक महसूस होती है। उन्होंने कहा कि संविधान, लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता पर बढ़ते खतरे के समय हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है।
श्रद्धांजलि सभा को रामाधार चौहान, विश्वकुमार गौतम, लालबहादुर त्यागी, अवध नारायण, नरेन्द्र प्रसाद, अविका चौहान, मंगल मौर्य, सुन्दर भारती, रामाश्रय चौहान, पारस संसारी, संजय प्रधान, श्यामू सहित अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रणबीर सिंह ने की, जबकि संचालन फुलचन्द ने किया। अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।



