Gazipur news:जूते पॉलिश कर युवाओं ने जताया रोजगार का दर्द, दुल्लहपुर में युवा कांग्रेस का सांकेतिक प्रदर्शन
Gazipur News: Youths express unemployment concerns by polishing shoes, Youth Congress holds symbolic protest in Dullapur
दुल्लहपुर (गाजीपुर)। रोजगार के मुद्दे को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को दुल्लहपुर बाजार में अनोखे अंदाज में सांकेतिक प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के प्रदेश सह सचिव एवं जखनियां से जिला पंचायत सदस्य पद के संभावित प्रत्याशी जावेद आलम जिम्मी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आम लोगों के जूते पॉलिश कर युवाओं की बेरोजगारी की समस्या को प्रमुखता से उठाया।प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने रोजगार उपलब्ध कराने, रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज करने तथा भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि बड़ी संख्या में शिक्षित युवा डिग्रियां हासिल करने के बावजूद रोजगार के लिए भटक रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए, भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी हो तथा परीक्षाएं निर्धारित समय पर निष्पक्ष ढंग से आयोजित कराई जाएं। साथ ही भर्ती प्रक्रियाओं में होने वाली देरी समाप्त कर समयबद्ध नियुक्ति सुनिश्चित करने और पेपर लीक व भर्ती घोटालों में शामिल दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की भी मांग उठाई गई।कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि रोजगार मिलने तक शिक्षित युवाओं को सम्मानजनक बेरोजगारी भत्ता दिया जाना चाहिए, जिससे उन्हें आर्थिक सहारा मिल सके।इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष (युवा कांग्रेस) राममिलन चौहान, महासचिव सुफियान शाह, उज्जवल राजा, पंकज यादव, आदर्श गौतम, अमन चौहान, विक्रांत चौहान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय युवा और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



