Azamgarh news:हथियारबंद बदमाशों का पीछा,पुलिस ने कहा,अपनी सुरक्षा खुद करें,हथियारबंद बदमाशों से डरा युवक
संदिग्धों से जान का खतरा,पीड़ित ने एसपी से की सख्त कार्रवाई की मांग

आजमगढ़ जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अबूईदपुर गांव निवासी अमरनाथ राजभर पुत्र रामपत राजभर ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसपी) से न्याय की गुहार लगाई है।पीड़ित अमरनाथ के अनुसार, वह बीती रात महाराजगंज थाना क्षेत्र के मोतीपुर स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। जैसे ही वह कंधरापुर बाजार पहुंचे, तभी एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक उनके पास आकर अनावश्यक पूछताछ करने लगे। संदिग्ध गतिविधि महसूस होने पर अमरनाथ वहां से आगे बढ़ गए, लेकिन बाइक सवार युवक लगातार उनका पीछा करते रहे।
महाराजगंज बाजार पहुंचने के बाद भी पीछा जारी रहने पर अमरनाथ अपनी सुरक्षा के लिए महाराजगंज थाने के गेट के बाहर जाकर खड़े हो गए। आरोप है कि बदमाश भी कुछ दूरी पर थाने के बाहर ही खड़े रहे। इसी दौरान अमरनाथ ने एक युवक की कमर में तमंचा या रिवॉल्वर जैसा हथियार देखा, जिससे वह भयभीत हो गए।डर के कारण अमरनाथ थाने के गेट से निकलकर सीधे अपनी ससुराल पहुंचे और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।इसके बाद उन्होंने फोन के माध्यम से महाराजगंज थानाध्यक्ष को घटना से अवगत कराया।अमरनाथ का आरोप है कि थाना अध्यक्ष ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय फोन पर केवल इतना कहा कि आप घर पर ही रहिए और अपनी सुरक्षा स्वयं करिए। पीड़ित का कहना है कि इस बयान से साफ है कि पुलिस ने न तो मौके पर पहुंचने की कोशिश की और न ही संदिग्धों के खिलाफ कोई कार्रवाई की।पुलिस की इस कथित निष्क्रियता से पीड़ित परिवार में आक्रोश है। अमरनाथ राजभर ने अब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



