Azamgarh news:ठेकमा ब्लॉक के ग्राम शंकरपुर कनोना, सरायमोहन, पसिका में जी राम जी योजना को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक
An important meeting was held regarding Ji Ram Ji Yojana in Village Shankarpur Kanona, Sarai Mohan, Pasika of Thekma Block.

ठेकमा आजमगढ़
आजमगढ़ ठेकमा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम शंकरपुर कनोना, सरायमोहन, पसिका में ग्राम स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों को केंद्र/राज्य सरकार की जी राम जी योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में बताया गया कि यह योजना मनरेगा के विकल्प के रूप में लागू की जा रही है, जिसके अंतर्गत ग्रामीणों को पहले की तुलना में अधिक रोजगार और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बैठक में अधिकारियों द्वारा बताया गया कि इस योजना के तहत 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी। साथ ही महिला समूहों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा और उनके आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।
योजना की एक अहम विशेषता यह है कि मजदूरी का भुगतान 15 दिनों के भीतर श्रमिकों के खाते में किया जाएगा। इसके अलावा यदि किसी कारणवश मजदूरी भुगतान में देरी होती है तो नियम के अनुसार मुआवजा भी प्रदान किया जाएगा, जिससे श्रमिकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित हो सके।
बैठक में ग्राम प्रधान विनोद कुमार,राजकुमार सरोज, ग्राम सचिव अमित सिंह, ग्राम विकास अधिकारी, तकनीकी सहायक संजय यादव, रोजगार सेवक अमरनाथ यादव, रामबचन सरोज, तेज़बहादुर सरोज,तथा पंचायत सहायक उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने ग्रामीणों की शंकाओं का समाधान किया और योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए जागरूक किया।
इस अवसर पर भारी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। ग्रामीणों ने योजना को लेकर उत्साह दिखाया और इसे रोजगार व विकास की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया। बैठक का उद्देश्य गांव के प्रत्येक पात्र परिवार तक योजना की जानकारी पहुंचाना और उन्हें रोजगार से जोड़ना रहा।



