Azamgarh news:बकेश गांव में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम कटे, ग्रामीणों में आक्रोश
Names of a large number of voters were cut off in Bakesh village, anger among the villagers

विवेक तिवारी
बरदह/ आजमगढ़:ठेकमा ब्लॉक के ग्राम सभा बकेश में मतदाता सूची से बड़ी संख्या में ग्रामीणों के नाम काटे जाने का मामला सामने आया है, जिससे पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बिना किसी सूचना के उनके नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं, जिससे उनका लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो रहा है।जानकारी के अनुसार ग्राम सभा बकेश के आशीष विश्वकर्मा (पुत्र स्व. सूबेदार विश्वकर्मा), सुरेश बनवासी (पुत्र स्व. महेंद्र बनवासी), संजू बनवानी, शहाबुद्दीन, असलम परवेज, शाहजहां, प्रियंका रमजान, जुमेराती, जुबेर मंजूर, अनीष सलीम, समीम, अली, रिजवान, राब्दीला, छोटेलाल इस्लाम, मकबूल हसन, चांदनी विश्वकर्मा, प्रमिला विश्वकर्मा, शीला बनवासी, खुशबू विश्वकर्मा सहित दर्जनों ग्रामीणों के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं।ग्रामीणों का कहना है कि जिनके नाम कटे हैं, वे वर्षों से गांव में निवास कर रहे हैं और नियमित रूप से मतदान करते आ रहे हैं। ऐसे में अचानक नाम हटना गंभीर सवाल खड़े करता है। ग्राम सभा के सदस्य आशीष विश्वकर्मा और सुरेश बनवासी, जिनके नाम भी सूची से हटाए गए हैं, ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताया है।ग्रामीणों ने इस मामले को लेकर जिला अधिकारी एवं मुख्यमंत्री पोर्टल 1076 पर शिकायत दर्ज कराते हुए मांग की है कि जिन लोगों के नाम गलत तरीके से हटाए गए हैं, उन्हें शीघ्र पुनः मतदाता सूची में जोड़ा जाए।वहीं ग्राम प्रधान बकेश जितेंद्र राय ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने बीएलओ से मिलीभगत कर गांव के कई मतदाताओं के नाम कटवा दिए हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जब बीएलओ से बात की गई तो उनका कहना था कि सभी संबंधित दस्तावेज जमा करा दिए गए हैं और जल्द ही सभी के नाम पुनः जोड़ दिए जाएंगे।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की अनियमितता दोबारा न हो।



