Azamgarh News: मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने डॉक्टरों को दिया सख्त निर्देश इलाज में कोताही बर्दाश्त नहीं

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने जनपद के समस्त सरकारी चिकित्सालयों के प्रभारी/अधीक्षकों को कैंप कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के माध्यम से सख्त निर्देश जारी किये हैं कि किसी भी दशा में चाहे मरीज गंभीर रूप से बीमार हो या दुर्घटनाग्रस्त तथा उसका कोई तीमारदार उपलब्ध न हो इलाज में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी परिस्थितियों में मरीज को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करना संबंधित प्रभारी की नैतिक व प्रशासनिक जिम्मेदारी है। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि बीती रात जनपद के एक प्रमुख पत्रकार द्वारा जारी एक वीडियो में एक सरकारी चिकित्सालय में एक लावारिस मरीज को अत्यंत पीड़ादायक अवस्था में देखा गया। इस सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेन्द कुमार से पड़ताल कराई गई, तत्पश्चात संबंधित मरीज का तत्काल समुचित उपचार प्रारंभ कराया गया तथा उसे दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं।
डॉ. वर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा एक अत्यंत संवेदनशील सेवा है और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता दिखाना हमारा नैतिक दायित्व है। ऐसे हृदयविदारक दृश्य न केवल मानवीय मूल्यों के विरुद्ध हैं, बल्कि स्वास्थ्य विभाग की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। उन्होंने दोहराया कि भविष्य में जनपद के किसी भी चिकित्सालय में ऐसी पुनरावृत्ति कतई स्वीकार्य नहीं होगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनपद के समस्त सरकारी चिकित्सालयों के प्रभारी/अधीक्षकों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने चिकित्सालयों में इस संबंध में स्पष्ट कार्यप्रणाली सुनिश्चित करें और मानवीय संवेदना के साथ मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button