कांग्रेस ने हर्षोल्लास के साथ मनाया 140वां स्थापना दिवस,सैकड़ों लोगों ने ली सदस्यता

ब्यूरो प्रमुख जौनपुर

जौनपुर: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने पार्टी का झंडारोहण किया और कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला।

झंडारोहण के बाद जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि कांग्रेस देशवासियों के रग-रग में बसी हुई है। भारत का स्वतंत्रता संग्राम कांग्रेस के नेतृत्व में लड़ा गया और अंग्रेजी हुकूमत से देश को आजादी दिलाने में कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश के हर क्षेत्र में विकास करने का कार्य कांग्रेस सरकारों ने किया और भारत को एकता के सूत्र में बांधने का काम किया।

 

इसके उपरांत बरसठी ब्लॉक के कांटी न्याय पंचायत अंतर्गत घनापुर गांव में कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाध्यक्ष द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। अपने संबोधन में उन्होंने कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास की चर्चा करते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और उद्योग के क्षेत्र में कांग्रेस की नीतियों ने देश को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया है।

 

कार्यक्रम को वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व प्रमुख देवेंद्र बहादुर सिंह, किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर डॉ. आरसी पांडेय, शहर अध्यक्ष मो. आरिफ खान, उपाध्यक्ष शेर बहादुर सिंह, सेवादल अध्यक्ष आरिफ सलमानी, प्रवक्ता अनिल दुबे, सभासद शाहनवाज मंजूर, इरसाद खान राजू, केपी प्रजापति, इकबाल हुसैन, विजय यादव, मो. सैफ, जब्बर अली सलमानी सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

 

इस अवसर पर वरिष्ठ नेता देवेंद्र बहादुर सिंह, बंशराज मिश्रा, कुंवर शिव बहादुर सिंह, पूर्व प्रधान सुनीता देवी और विजय तिवारी को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश सचिव अशोक सैनी ने किया, जबकि संचालन पिछड़ा वर्ग विभाग के जिला अध्यक्ष संजय माली ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button