Gazipur News : जखनिया : आधी रात दलित बस्ती की झोपड़ी में आग, गृहस्थी जलकर हुई राख

Gazipur today news

Gazipur News : जखनिया : आधी रात दलित बस्ती की झोपड़ी में आग, गृहस्थी जलकर हुई राख

जखनिया (गाजीपुर)। विकासखंड जखनिया अंतर्गत ग्राम सभा जौहरपुर की दलित बस्ती में बीती रात करीब 12 बजे एक दर्दनाक घटना सामने आई। अज्ञात कारणों से एक झोपड़ी में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस अग्निकांड में संजय राम की झोपड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई।
आग की चपेट में आकर घर में रखा सारा घरेलू सामान, अनाज, बिस्तर, कपड़े, जरूरी कागजात, कुछ नकदी तथा एक बकरी जलकर नष्ट हो गई। गनीमत यह रही कि झोपड़ी में सो रहे परिवार के सभी सदस्य समय रहते बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम जौहरपुर निवासी राम अवध राम के चार पुत्र हैं, जो अपने-अपने हिस्से की झोपड़ियों में परिवार सहित रहते हैं। राम अवध राम के दूसरे नंबर के पुत्र संजय राम अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अलग झोपड़ी में निवास कर रहे थे। पीड़ित परिवार का आरोप है कि बीती रात कुछ असामाजिक तत्वों ने आपसी रंजिश के चलते जानबूझकर उनकी झोपड़ी में आग लगा दी।
आग की लपटें उठती देख संजय राम और उनके परिजनों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण बाल्टी, डिब्बे और पानी लेकर आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। पूर्व सैनिक मुन्नीलाल ने बताया कि ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तब तक झोपड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
संजय राम ने बताया कि किसी तरह बच्चों और पत्नी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन करीब एक वर्ष की पूरी गृहस्थी आग की भेंट चढ़ गई। घटना के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है और उनके सामने रहने तथा खाने-पीने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
वहीं पीड़ित के पिता राम अवध राम ने आरोप लगाया कि झोपड़ी संजय राम के हिस्से में थी और कुछ लोगों ने जानबूझकर इसमें आग लगाई है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता व आवास सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
इस संबंध में जखनियां विधायक बेदी राम ने कहा कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं समाजवादी पार्टी जखनियां विधानसभा अध्यक्ष राजू यादव, प्रधान प्रतिनिधि अभय सिंह, अंकुर सिंह, धर्मवीर चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को मदद दिलाने का भरोसा दिलाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button