Jabalpur news:शराबबंदी के विरोध में महिलाओं का आक्रोश, शराब के पौआ फोड़कर जताया विरोध
Women protest against prohibition, break liquor bottles to express their protest

जबलपुर।बीते अक्टूबर माह में शराबबंदी की मांग को लेकर सिहोरा थाना का घेराव किया गया था, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार दोबारा शुरू हो गया है। इससे आक्रोशित होकर ग्राम खम्हरिया, ख़िरवा और बरगी की महिलाओं ने गुरुवार शाम एकजुट होकर सिहोरा थाना परिसर का घेराव किया और शराब माफियाओं के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।महिलाएं हाथों में शराब के गुम्मे लेकर नारेबाजी करती हुई थाना पहुंचीं और प्रतीकात्मक रूप से शराब के पौआ फोड़ते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द शराबबंदी नहीं की गई तो वे स्वयं कार्रवाई करने को मजबूर होंगी।
गांव में खुलेआम बिक रही शराब
ग्रामीणों का कहना है कि खम्हरिया और ख़िरवा गांव में चारों ओर अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। इससे असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है और आए दिन विवाद व मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं। युवाओं में नशे की लत तेजी से बढ़ रही है, जिससे सामाजिक माहौल खराब हो रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि पहले गांव में पूर्ण शराबबंदी लागू थी, लेकिन खिरकाडोंगरी से विस्थापित लोग कॉलोनी के पास पहाड़ी इलाकों में बस गए हैं और खिरवा और खम्हरिया गांव के आसपास भी शराब की बिक्री शुरू हो गई है। इसी कारण दोबारा हालात बिगड़ने लगे हैं।
शराब बनाने वाली महिलाओं का पक्ष
वहीं शराब बनाने और बेचने वाली कुछ महिलाओं ने कहा कि यही उनका एकमात्र रोजगार है। उनके अनुसार उनके पास आजीविका का कोई दूसरा साधन नहीं है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उनके बच्चे भी इसी काम में लग जाते हैं, जिससे वे नियमित रूप से स्कूल नहीं जा पाते और शिक्षा से वंचित रह जाते हैं।
‘शराब मुक्त बरगी’ अभियान की चेतावनी
ग्रामवासियों ने साफ कहा है कि अब वे “शराब मुक्त बरगी” अभियान चलाएंगे। यदि प्रशासन ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को तहसील मुख्यालय तक ले जाया जाएगा।
यूरिया मिलाकर जहरीली शराब बेचने का आरोप
ग्रामीणों ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि कुछ शराब विक्रेता नशा बढ़ाने के लिए यूरिया और अन्य खतरनाक रसायन मिलाकर शराब बेच रहे हैं। इससे लोगों की तबीयत बिगड़ने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



