Azamgarh News: आजमगढ़ में भाई का निधन, जेल में बंद अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम ने परिवार से मिलने की अनुमति मांगी

आजमगढ़ 07 जनवरी(आर एन एस)जेल में बंद अंडरवर्ल्ड डॉन और 1993 मुंबई सीरियल ब्लास्ट मामले के दोषी अबू सलेम ने अपने बड़े भाई के निधन के बाद परिवार से मिलने के लिए इमरजेंसी पैरोल की मांग की है। इस संबंध में उसने बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दायर की है।अबू सलेम के बड़े भाई अबू हकीम अंसारी उर्फ चुनचुन का 14 नवंबर 2025 को आजमगढ़ जिले के सरायमीर में निधन हो गया था। भाई की मौत के बाद अबू सलेम ने परिवार से मिलने और अंतिम संस्कार व चालीसवें की रस्म में शामिल होने के लिए इमरजेंसी पैरोल की मांग की है।गौरतलब है कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम को बार-बार मिल रही पैरोल को लेकर देशभर में बहस चल रही है। राम रहीम को रेप और हत्या के मामलों में 20 साल की सजा और उम्रकैद हुई है, इसके बावजूद उसे बीते आठ वर्षों में 15वीं बार पैरोल मिली है। इसी पृष्ठभूमि में अब अबू सलेम की पैरोल याचिका भी चर्चा का विषय बनी हुई है।अबू सलेम 1993 के मुंबई सीरियल ब्लास्ट और एक बिल्डर की हत्या के मामले में दोषी है और वर्तमान में जेल की सजा काट रहा है। वह इससे पहले अक्टूबर 2007 में अपनी मां के निधन पर आखिरी बार आजमगढ़ आया था और अंतिम संस्कार में शामिल हुआ था। इसके बाद वह मां के चालीसवें में भी अपने पैतृक गांव पहुंचा था।बताया जा रहा है कि अबू सलेम चार भाइयों में दूसरे नंबर पर है। उसके भाइयों में अबू हकीम,अबू सलेम, अबुल जैश और एजाज शामिल हैं। अबुल जैश लखनऊ में रहते हैं, जबकि एजाज आजमगढ़ के मुबारकपुर में निवास करते हैं। दिवंगत अबू हकीम सरायमीर के पठानटोला स्थित अपने मकान में रहते थे। उनके परिवार में एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं।अब बॉम्बे हाई कोर्ट इस याचिका पर क्या फैसला लेता है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।



