आजमगढ़: शिकायतकर्ता का दावा-अधिकारियों की मिलीभगत से जारी अवैध मेडिकल गतिविधियां
स्वास्थ्य विभाग की निगरानी पर सवाल, महिला आयोग से निष्पक्ष जांच की मांग

आजमगढ़।जनपद आजमगढ़ के थाना देवगांव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मसीरपुर, पोस्ट खनियरा (लालगंज) स्थित चन्द्रावती मेमोरियल मेडिकल स्टोर को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय निवासी रमेश सुकालू विश्वकर्मा ने राज्य महिला आयोग, उत्तर प्रदेश लखनऊ को प्रार्थना पत्र भेजकर आरोप लगाया है कि उक्त मेडिकल स्टोर में बिना किसी वैध लाइसेंस के ओपीडी, डिलीवरी और गर्भपात जैसे अनैतिक व गैरकानूनी कार्य लंबे समय से किए जा रहे हैं।शिकायतकर्ता के अनुसार, इस मेडिकल स्टोर के खिलाफ पूर्व में भी कार्रवाई की जा चुकी है।
आरोप है कि अनियमितताओं के चलते स्टोर का पंजीकरण पहले निलंबित किया गया था, इसके बावजूद अवैध गतिविधियां जारी रहीं। बाद में 14 अक्टूबर 2024 को संबंधित अधिकारियों द्वारा मेडिकल स्टोर को सील भी किया गया, लेकिन इसके बाद भी कथित रूप से अधिकारियों की मिलीभगत से वहां पुनः ओपीडी, डिलीवरी और गर्भपात जैसे कार्य कराए जा रहे हैं।प्रार्थी का यह भी आरोप है कि साक्ष्य उपलब्ध होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा गलत रिपोर्टिंग की जा रही है, जिससे झोलाछाप और अवैध तरीके से इलाज करने वालों को खुली छूट मिल रही है। उनका कहना है कि ऐसे कृत्यों से आम जनता, विशेषकर महिलाओं और नवजात शिशुओं के जीवन पर गंभीर खतरा बना हुआ है।रमेश सुकालू विश्वकर्मा ने राज्य महिला आयोग से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए चन्द्रावती मेमोरियल मेडिकल स्टोर को स्थायी रूप से सीज कराया जाए, साथ ही उन्हें और उनके परिवार को संभावित खतरे को देखते हुए जान-माल की सुरक्षा भी प्रदान की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।मामले ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि राज्य महिला आयोग और जिला प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है।



