Azamgarh News: बिलरियागंज में “हमारा आंगन, हमारे बच्चे” कार्यक्रम का भव्य आयोजन, निपुण बच्चों को किया गया सम्मानित

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद के शिक्षा क्षेत्र बिलरियागंज अंतर्गत बुधवार को “हमारा आंगन, हमारे बच्चे” कार्यक्रम का आयोजन विकासखंड सभागार मलेरियागंज में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा, बाल विकास और समाज के समन्वय की सुंदर झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री रमेश यादव (माननीय प्रमुख प्रतिनिधि, बिलरियागंज) रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सुश्री निरुपमा गुप्ता (प्रवक्ता, डायट आजमगढ़) की उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त खंड विकास अधिकारी बिलरियागंज, बाल विकास परियोजना अधिकारी बिलरियागंज, एसआरजी राम बदन यादव, शिक्षा क्षेत्र बिलरियागंज के समस्त आरपी, नोडल, संकुल शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका, सुपरवाइजर तथा प्रत्येक न्याय पंचायत से चयनित पांच-पांच निपुण बच्चे कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत ने सभी का मन मोह लिया, जिसकी उपस्थित अतिथियों एवं जनसमूह ने मुक्त कंठ से सराहना की।
खंड शिक्षा अधिकारी श्री जगदीश यादव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में निपुण बच्चों को पठन उपयोगी सामग्री, प्रेरक एवं रोचक पुस्तकें वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर शिक्षा क्षेत्र बिलरियागंज के समस्त शिक्षक, शिक्षा मित्र एवं अनुदेशकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सराहनीय योगदान दिया।
मुख्य अतिथि श्री रमेश यादव ने अपने संबोधन में नई शिक्षा नीति के अंतर्गत बाल विकास परियोजना विभाग एवं बेसिक शिक्षा विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। वहीं शिक्षकों ने निपुण गीत के माध्यम से बेसिक शिक्षा को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।
यह कार्यक्रम न केवल बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला रहा, बल्कि शिक्षा के प्रति समाज में जागरूकता और सकारात्मक सोच को भी नई दिशा देने वाला साबित होगा।



