Azamgarh News: राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस व एमआर टीकाकरण अभियान की सफलता के लिए तैयारियां तेज
आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा के निर्देशन में जनपद में संचालित राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम (10 फरवरी) तथा प्रस्तावित खसरा-रूबेला (एमआर) टीकाकरण अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके तहत विभिन्न विभागों के समन्वय से जनजागरूकता और प्रशिक्षण गतिविधियों को गति दी जा रही है।
इस संबंध में एडिशनल सीएमओ/जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अब्दुल अजीज़, डिप्टी सीएमओ डॉ. अविनाश झा, यूनिसेफ के डीएमसी गुफरान अहमद, एनसीडी कार्यक्रम के जिला समन्वयक प्रदीप मिश्रा तथा आरबीएसके डीआईसी मैनेजर डॉ. आरिफ जमाल की उपस्थिति में कार्यक्रम की रणनीतियों और क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में जालंधरी मोहल्ला स्थित मदरसा इस्लामिया जामीअतुल कुरैश विद्यालय में नोडल मदरसा अध्यापकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम (10 फरवरी) और एमआर टीकाकरण अभियान को सफल बनाना रहा। बैठक के दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ. अविनाश झा ने अध्यापकों को कृमि संक्रमण के लक्षण, उससे होने वाले दुष्प्रभाव तथा नियंत्रण के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। वहीं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अब्दुल अजीज़ ने एमआर टीकाकरण अभियान की रूपरेखा समझाते हुए विद्यालय स्तर पर जागरूकता फैलाने और अधिकाधिक बच्चों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने जनपदवासियों से अपील की है कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस एवं एमआर टीकाकरण अभियान में सक्रिय सहयोग करें, ताकि बच्चों का स्वास्थ्य सुरक्षित रहे और जनपद को रोगमुक्त बनाने के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।



