Azamgarh news:अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई ,लालगंज के दो निजी,अस्पताल सीज,प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश

Azamgarh news: Strict action taken against irregularities, two private hospitals in Lalganj seized, instructions to register FIR

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लालगंज क्षेत्र में संचालित निजी अस्पतालों के निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा कड़ी कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के निरीक्षण के दौरान गीता चाइल्ड सेंटर एवं आरती नर्सिंग होम को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया है। यह सीजर कार्रवाई डॉ. आलेन्द कुमार, डिप्टी सीएमओ/नोडल निजी चिकित्सीय प्रतिष्ठान एवं डॉ. ए. आर. सिंह, अधीक्षक लालगंज की संयुक्त टीम द्वारा की गई।निरीक्षण के दौरान गीता चाइल्ड सेंटर में उपचार के दौरान एक बच्चे की मृत्यु का मामला सामने आया। जांच में पाया गया कि अस्पताल अपंजीकृत रूप से संचालित हो रहा था तथा वहां कोई योग्य चिकित्सक उपलब्ध नहीं था। अस्पताल का संचालन अप्रशिक्षित एवं अकुशल स्टाफ के भरोसे किया जा रहा था, जो अत्यंत गंभीर लापरवाही एवं नियमों का उल्लंघन है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अस्पताल के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।इसी क्रम में आरती नर्सिंग होम के निरीक्षण में पाया गया कि यह एक निजी एएनएम द्वारा संचालित किया जा रहा था। इस संबंध में संबंधित एएनएम को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है कि निजी स्तर पर अस्पताल संचालन किन परिस्थितियों में किया जा रहा था। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने स्पष्ट किया है कि बिना पंजीकरण एवं योग्य चिकित्सकों के बिना संचालित किसी भी स्वास्थ्य संस्थान को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button