Azamgarh news:निराश्रित गोवंशों से परेशान देवारांचल के किसान, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
Azamgarh News: Farmers in Devaranchal are troubled by homeless cattle, warning of agitation if no action is taken.

एडीओ (एजी) को सौंपा ज्ञापन
रिपोर्ट : कमलाकांत शुक्ल
महराजगंज (आजमगढ़)।देवारांचल क्षेत्र में निराश्रित (छुट्टा) गोवंश की बढ़ती संख्या से परेशान किसानों ने फसलों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है। इस संबंध में देवारांचल क्षेत्र के किसानों एवं सामाजिक संगठन देवारांचल उत्थान सेवा समिति के पदाधिकारियों ने खंड विकास कार्यालय महराजगंज पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।बताया गया कि खंड विकास अधिकारी के कार्यालय में न मिलने पर किसानों ने एडीओ (एजी) अशोक कुमार को ज्ञापन सौंपा। किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में हजारों की संख्या में छुट्टा गोवंश खुले में घूम रहे हैं, जिनके कारण खड़ी एवं तैयार फसलें लगातार नष्ट हो रही हैं और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।समिति के अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस ज्ञापन पर शीघ्र कोई कार्रवाई नहीं की गई तो किसान एक बड़े धरने के लिए बाध्य होंगे। वहीं देवारांचल उत्थान सेवा समिति के सचिव हरकेश यादव उर्फ लालू यादव ने बताया कि इस समस्या की शिकायत कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। उन्होंने कहा कि मजबूर होकर आज सैकड़ों किसान खंड विकास कार्यालय महराजगंज पहुंचे और अपना ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की।ज्ञापन में किसानों ने मांग की है कि देवारांचल क्षेत्र में जल्द अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल/गौशाला का निर्माण कराया जाए, निराश्रित पशुओं को एकत्र कर उनके संरक्षण व देखभाल की समुचित व्यवस्था हो तथा फसलों को नुकसान से बचाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं।ज्ञापन के दौरान देवारांचल उत्थान सेवा समिति के अध्यक्ष विकास गुप्ता, सचिन, हरकेश यादव उर्फ लालू, पवन, संतोष कुमार, प्रमोद कुमार, अमरजीत चौहान, सुनील चौहान, अरविंद यादव, नीरज निषाद, राकेश साहनी, उमेश, आजाद यादव, संजय यादव, विपिन, जयप्रकाश, प्रकाश निषाद सहित तमाम किसान एवं ग्रामीण मौजूद रहे।



