Azamgarh News: सरदार पटेल इंटर स्टेट वॉलीबॉल टूर्नामेंट-2026 का भव्य शुभारंभ, पहले दिन रोमांचक मुकाबलों ने बांधा समां

[responsivevoice_button rate="1" pitch="1.0" volume="0.9" voice="Hindi Female" buttontext="Listen This News"]

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आज़मगढ़ जनपद के सगड़ी तहसील अंतर्गत शनिवार को पूर्वांचल एवं ग्रामीण भारत में युवाओं के कौशल विकास, खेल प्रतिभा संवर्धन और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था IDEA and Startup Purv के तत्वावधान में आयोजित सरदार पटेल इंटर स्टेट वॉलीबॉल टूर्नामेंट-2026 का शनिवार को केशव विद्यापीठ इंटर कॉलेज, मऊकुतुबपुर (सगड़ी) में भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह उत्साह, ऊर्जा और खेल भावना से सराबोर रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिता का फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. ओंकार राय ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजन ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को एक पेशेवर मंच प्रदान करते हैं, जिससे खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने बताया कि संस्था खेल, नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।मुख्य अतिथि मो. उजाले (एडिटोरियल डायरेक्टर, टेक ऑब्जर्वर मैगज़ीन) ने कहा कि खेल समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास तथा नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि रविकांत यादव (सचिव, वॉलीबॉल एसोसिएशन आज़मगढ़) ने कहा कि अंतर-राज्यीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव देती हैं और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।टूर्नामेंट के पहले दिन खेले गए मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया।
उद्घाटन मैच देवरिया हॉस्टल और मुजफ्फरनगर की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार खेल भावना दिखाई। आज़मगढ़ और नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे (NER) के बीच हुआ, जिसमें तकनीकी और तेज़ खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला।
तीसरा मुकाबला पटना और भारत लोकोमोटिव वर्क्स (BLW) की टीमों के बीच खेला गया, जहां खिलाड़ियों ने कड़े संघर्ष के साथ दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
बड़ी संख्या में पहुंचे जनप्रतिनिधि व खेल प्रेमी
उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान, शिक्षाविद्, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से अवनीश राय मानस, ऋषभ सिंह, डॉ. प्रशांत राय, डॉ. बिजेंद्र राय, ऋषभ पटेल सहित अनेक गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए। आयोजन समिति के रामाधार पासवान, कैलाश यादव, गया प्रसाद पटेल एवं स्वयंसेवकों ने अतिथियों का स्वागत कर आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ सहित विभिन्न राज्यों की प्रतिष्ठित टीमें भाग ले रही हैं, जिससे टूर्नामेंट का स्तर राष्ट्रीय स्वरूप का बन गया है और खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है।
आयोजन के अंतर्गत दर्शक सहभागिता कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है। दर्शक क्यूआर कोड स्कैन कर पंजीकरण कर विभिन्न गतिविधियों में भाग लेते हुए आकर्षक पुरस्कार जीत सकते हैं। टूर्नामेंट का दूसरा चरण 15 फरवरी को प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होगा। समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों के साथ उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित कर पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
खेल प्रेमियों के उत्साह और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से टूर्नामेंट का आगाज़ बेहद सफल और यादगार रहा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button