Azamgarh News: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, एक युवक की मौत, तीन गंभीर घायल

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद के अहिरौला थाने के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मृतक के परिवार में कोहराम छा गया।
जानकारी के अनुसार पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 197 प्वाइंट पर गुरुवार रात लगभग 3:30 बजे एक स्विफ्ट डिजायर कार सामने चल रहे ट्रक से जा टकराई। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने के कारण पीछे से आ रही कार अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक में घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में कार में चालक के बगल में बैठे रजत कुमार मिश्रा (25 वर्ष) पुत्र घनश्याम मिश्रा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कार चला रहे विकास शुक्ला (30 वर्ष), पीछे बैठे मृतक के भाई अमित कुमार मिश्रा (23 वर्ष) तथा प्रियांशु सिंह (22 वर्ष) पुत्र रणविजय सिंह निवासी ग्राम व पोस्ट पहाड़पुर सराय भीखन, थाना मोतीगरपुर, जनपद सुल्तानपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही यूपी डायल-112 गश्ती टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहिरौला पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि सभी युवक अपनी निजी स्विफ्ट डिजायर कार से गांव से बड़हलगंज एक बारात में शामिल होने गए थे और देर रात वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक एवं घायलों के परिजन अहिरौला थाने पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button