आजमगढ़ में एक अफवाह से मचा हाहाकार,पेट्रोल पंप पर लगी भयंकर लाइन
A rumour caused a furore in Azamgarh, with huge queues forming at petrol pumps.

अआजमगढ़ :तरौलिया क्षेत्र में बुधवार को डीजल-पेट्रोल की किल्लत की अफवाह ने अचानक अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। सुबह होते ही अधिकांश पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन लेने के लिए उमड़ पड़े और कई जगहों पर गैलन व बोतलों में भी पेट्रोल-डीजल भरवाते नजर आए।स्थिति यह रही कि एक पंप को छोड़कर लगभग सभी पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिली। सिकंदरपुर स्थित केटी फिलिंग स्टेशन पर “तेल नहीं है” का बोर्ड लगा दिया गया, जिसके बाद आपूर्ति बंद कर दी गई। इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई।वहीं, कियान फिलिंग स्टेशन भदईपुर, मारुति फिलिंग स्टेशन भोराजपुर कला, किसान सेवा केंद्र महरुपुर, शिव कृपा किसान सेवा केंद्र छितौनी और किसान फिलिंग स्टेशन मदिया पार पर पंप खुले रहे, लेकिन यहां भी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। लोग घंटों लाइन में लगकर ईंधन भरवाते दिखाई दिए।स्थानीय लोगों के अनुसार, इस समय गेहूं की मड़ाई का सीजन चल रहा है, जिसके चलते किसान पहले से ही डीजल की खरीद कर रहे थे। इसी बीच पड़ोसी जनपद अम्बेडकर नगर से किल्लत की अफवाह फैलने से स्थिति और बिगड़ गई और अचानक मांग बढ़ गई।पंप संचालकों का कहना है कि डीजल और पेट्रोल की कोई कमी नहीं है,
लेकिन अफवाह के चलते लोग घबराकर जरूरत से ज्यादा ईंधन लेने पहुंच रहे हैं, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बन रही है।पेट्रोल पंप पर आए करसड़ा गांव निवासी ओमप्रकाश राजभर ने बताया कि लोगों ने अफवाह फैला दी कि पेट्रोल नहीं मिल रहा है, जिसके बाद पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पर्याप्त स्टॉक होने की बात कही जा रही है, लेकिन इसके बावजूद आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।वहीं अतरौलिया निवासी अभिषेक प्रताप सिंह ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पेट्रोल पंपों पर नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गैलन और बोतल लेकर आने वालों को भी पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है, जबकि वाहन चालकों को दिक्कत हो रही है। उन्होंने बताया कि वे आधे घंटे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन वहां न तो कोई मैनेजर मौजूद है और न ही कोई स्टाफ, जिससे वे अपनी समस्या बता सकें।इस संबंध में प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी विकास कुमार सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में डीजल-पेट्रोल की पर्याप्त उपलब्धता है। साथ ही चेतावनी दी कि अनावश्यक खरीदारी कर ईंधन का भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



