Azamgarh News: चंडीगढ़ से लौट रहे मजदूर की रास्ते में मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

चंडीगढ़ से लौट रहे मजदूर की रास्ते में मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

आजमगढ़ जनपद कप्तानगंज थाना अंतर्गत गोपालपुर गांव निवासी एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार छीडी गोपालपुर निवासी घनश्याम निषाद (40 वर्ष) पुत्र सीताराम निषाद करीब तीन माह पूर्व शेरवां निवासी ठेकेदार नरेंद्र निषाद के साथ काम करने के लिए चंडीगढ़ गए थे।

परिजनों के मुताबिक दो दिन पहले घनश्याम के साथ काम करने वाले मजदूरों ने फोन कर सूचना दी कि उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही परिजन चंडीगढ़ पहुंचे और उन्हें अस्पताल से रेफर कराकर एंबुलेंस से लेकर आजमगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान शुक्रवार को रास्ते में ही घनश्याम की मौत हो गई।

मृतक के छोटे भाई दिनेश निषाद का आरोप है कि घनश्याम के शरीर में अंदरूनी चोट के निशान थे। उन्होंने सवाल उठाया कि ये चोटें कैसे लगीं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

परिजनों ने कप्तानगंज थाने को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button