Azamgarh News: आजमगढ़ में 24 घंटे के भीतर चार दर्दनाक घटनाएं, चार मौतों से दहला जिला

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

आजमगढ़ में 24 घंटे के भीतर चार दर्दनाक घटनाएं, चार मौतों से दहला जिला

आजमगढ़ जनपद में बीते 24 घंटे के भीतर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चार दर्दनाक घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। कहीं सड़क हादसे में जिंदगी थम गई, कहीं शराब के नशे में घर लौट रहे युवक की मौत हो गई, तो कहीं घाघरा नदी में नहाने गया किशोर हमेशा के लिए गहरे पानी में समा गया। वहीं कंधरापुर क्षेत्र में एक अज्ञात वृद्ध महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। लगातार हुई इन घटनाओं से जिले में मातम का माहौल है।

पहली घटना पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुई, जहां अमेठी जनपद के मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के होसियाना निवासी मोहम्मद रईस (49) पुत्र मुन्नू सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसा एक्सप्रेस-वे के 234.5 किलोमीटर के पास हुआ। घायल अवस्था में उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से मंडलीय जिला चिकित्सालय आजमगढ़ लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

दूसरी घटना दीदारगंज थाना क्षेत्र की है। जौनपुर जनपद के सरपतहां थाना क्षेत्र के भटौली गांव निवासी विपिन शर्मा (28) पुत्र केशव शर्मा रविवार को अपनी ससुराल फुलेश आए थे। परिजनों के अनुसार वह अत्यधिक शराब के नशे में थे। पत्नी और बच्चों से मिलने के बाद वह शाम करीब पांच बजे घर लौटने के लिए निकल गए। सोमवार सुबह सूचना मिली कि सुघरपुर तिराहे के पास वह गड्ढे में गिर गए थे। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की।

तीसरी घटना रौनापार थाना क्षेत्र के गोलाघाट घाघरा नदी की है। मऊ जनपद के घोसी थाना क्षेत्र के मुजार बुजुर्ग गांव निवासी नितीश (14) पुत्र सिंघासन अपने ननिहाल रौनापार आया हुआ था। रविवार दोपहर वह घाघरा नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

चौथी घटना कंधरापुर थाना क्षेत्र में सामने आई, जहां मल्लूपुर से भलुवाई जाने वाले कच्चे रास्ते के किनारे करीब 70 वर्षीय अज्ञात वृद्ध महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। काफी प्रयास के बाद भी महिला की पहचान नहीं हो सकी। शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजकर पुलिस शिनाख्त कराने में जुटी है।

एक ही दिन में सामने आई इन चार घटनाओं ने जिलेवासियों को झकझोर दिया है। अलग-अलग परिवारों में मातम पसरा है, जबकि पुलिस सभी मामलों में जांच और आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button