Azamgarh news :स्व गणना अभियान में आजमगढ़ ने गढ़ा इतिहास, पौने दो लाख परिवारों की स्व गणना पूर्ण कर प्रदेश में लगातार दूसरे दिन भी प्रथम स्थान पर कायम

स्व गणना अभियान में आजमगढ़ ने गढ़ा इतिहास, पौने दो लाख परिवारों की स्व गणना पूर्ण कर प्रदेश में लगातार दूसरे दिन भी प्रथम स्थान पर कायम

स्व गणना अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करने पर जिलाधिकारी ने दिया बल

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

जनगणना 2027 के अंतर्गत संचालित स्व गणना अभियान में जनपद आजमगढ़ ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए पौने दो लाख परिवारों की स्व गणना पूर्ण कर उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जनपद ने लगातार दूसरे दिन भी प्रदेश में शीर्ष स्थान बनाए रखते हुए उत्कृष्ट कार्यप्रणाली, प्रभावी मॉनिटरिंग एवं व्यापक जनसहभागिता का परिचय दिया है।

लगभग डेढ़ लाख स्व गणना के साथ अग्रणी चल रहे सोनभद्र को आजमगढ़ ने लगभग 25 हजार स्व गणना से पीछे छोड़ते हुए प्रदेश में अपनी मजबूत बढ़त कायम की है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से जनपदवासियों में उत्साह, गौरव एवं खुशी का वातावरण व्याप्त है।

इस सफलता के पीछे प्रमुख जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना तथा जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह के कुशल मार्गदर्शन, सतत निर्देशन एवं प्रभावी नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के निर्देशन में स्व गणना अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया गया। अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए गए। डिजिटल प्लेटफॉर्म, जनसंपर्क गतिविधियों एवं ग्राम स्तर तक पहुंच बनाकर आमजन को स्व गणना के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना द्वारा विकास खंड स्तर पर नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग के माध्यम से अभियान को गति प्रदान की गई, वहीं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह द्वारा समस्त व्यवस्थाओं का प्रभावी समन्वय सुनिश्चित किया गया। जनपद के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों एवं संबंधित विभागों के समर्पण, सक्रिय सहभागिता एवं टीम भावना से यह लक्ष्य प्राप्त किया जा सका है।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जो परिवार अभी तक स्व गणना नहीं कर पाए हैं, वे जनगणना 2027 के अंतर्गत निर्धारित पोर्टल पर अपनी स्व गणना शीघ्र पूर्ण करें तथा राष्ट्र निर्माण के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि स्व गणना के माध्यम से सटीक आंकड़े उपलब्ध होंगे, जिससे भविष्य की जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी।

जनपद प्रशासन ने इस उपलब्धि का श्रेय आजमगढ़ की जागरूक जनता, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं अभियान से जुड़े सभी सहयोगियों को दिया है, जिनके संयुक्त प्रयासों से आजमगढ़ ने प्रदेश में अपनी अलग पहचान स्थापित की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button